पीलीभीत: जुए में हारी रकम तो परिवार की डांट का सताया डर, किशोर ने फंदे से लटककर दे दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। जुए में रुपये हारने के बाद परिवार की डांट फटकार को लेकर घबराए किशोर ने आत्मघाती कदम उठा लिया। वह घर पहुंचा और फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पुलिस परिवार की डांट फटकार से क्षुब्ध होकर खुदकुशी करने की बात कह रही है। जुए में रुपये हारने की वजह से अनभिज्ञता जताई गई।

घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा की है। यहां के रहने वाले राधेश्याम मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनका 17 वर्षीय पुत्र सुमित शुक्रवार शाम घर पहुंचा। परिवार वालों से सामान्य बातचीत करने के बाद कमरे में गया और फिर कपड़े का फंदा बनाकर बल्ली के सहारे लटककर जान दे दी।

परिवार वाले जब कमरे में पहुंचे तो बेटे का फंदे से लटका शव देख उनके होश उड़ गए। चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सुनगढी़ पुलिस कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और जानकारी की। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।  

मृतक के बाबा ओमप्रकाश का कहना था कि मृतक सुमित ने गावं के ही लड़कों के साथ जुआ खेला था। जिसमें वह कुछ रुपये हार गया था। इसी में घबराकर उसने खुदकुशी की है। हालांकि कितने रुपये हारे, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं थी। ये भी बताया कि सुमित के बड़े भाई भीमसेन ने पिछले साल जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। एक साल के भीतर दो बेटों की मौत के बाद परिवार में चीख पुकार मची रही।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: महायोजना-2031 को शासन ने दी मंजूरी...जल्द घूमेगा विकास का पहिया

संबंधित समाचार