अमरनाथ यात्रा एक दिन स्थगित रहने के बाद फिर बहाल, जम्मू से 6,145 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था रवाना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में बारिश के कारण एहतियात के तौर पर एक दिन के लिए स्थगित की गई अमरनाथ यात्रा रविवार को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से फिर से बहाल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मौसम में सुधार होने के बाद आज सुबह यात्रियों के नए जत्थों को मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले के बालटाल और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के नुनवान पहलगाम आधार शिविर से पवित्र गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने की अनुमति दी गई।

amarnath-yatra

बता दें, 52 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी और अब तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। । गुफा में प्राकृतिक रूप से बर्फ से बना शिवलिंग स्थित है। शनिवार को एहतियात के तौर पर यात्रा को बारिश के कारण कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि मौसम में सुधार हुआ है और दोनों मार्गों पर आंशिक रूप से बादल छाए हुए दिखाई दे रहे है। 

Capture

जम्मू से 6,145 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था रवाना 
जम्मू से रविवार तड़के 6,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक और जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए 6,145 तीर्थयात्रियों का 10वां जत्था 238 वाहनों के दो काफिलों में जम्मू भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ है। 115 वाहनों के पहले काफिले में 2,697 तीर्थयात्री हैं। यह गंदेरबल जिले के बालटाल आधार शिविर के लिए तड़के करीब तीन बजकर 10 मिनट पर रवाना हुआ, जबकि 123 वाहनों का दूसरा काफिला 3,448 तीर्थयात्रियों के साथ अनंतनाग जिले के पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुआ है। 

ये भी पढ़ें- Jagannath Rath Yatra 2024: अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू, अमित शाह ने की मंगला आरती

संबंधित समाचार