अयोध्या: 2 करोड़ 95 लाख से चमकेगी 1792 स्कूलों की रसोई, बजट जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिषदीय विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना के तहत होगी खरीदारी, अब स्टेनलेस स्टील के ही बर्तनों को जायेगा खरीदा 

अयोध्या,अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) में पका-पकाया भोजन दिया जाता है। अब एमडीएम की रसोई को चमकाने के लिए विभाग स्तर से 2 करोड़ 95 लाख 30 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है। इससे जिले के 1792 प्राइमरी, उच्च प्राइमरी और कम्पोजिट स्कूलों में किचेन में भोजन पकाने, परोसने और खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए बर्तन व अन्य उपकरणों की खरीद की जा सकेगी।

एमडीएम की रसोई के लिए प्रत्येक स्कूल को 10 से 15 हजार रुपये का बजट छात्र संख्या और डिमांड के अनुसार जारी किया गया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विद्यालय छात्र संख्या और वास्तविक आवश्कता के अनुसार सामान खरीद सकते हैं। 

साथ ही ऐसे विद्यालय जिनमें गैस सिलेंडर चोरी हो गया है, वह भी आवश्कतानुसार इसकी खरीद कर सकते हैं। जिससे चूल्हे पर खाना पकाने की आवश्कता नहीं पड़ेगी। एल्मुनियम के बर्तनों से होने वाले दुष्प्रभाव को देखते हुए इसके स्थान पर स्टेनलेस स्टील के बर्तनों को वरीयता दिए जाने का निर्देश दिया गया है। स्कूलों को जारी किए गए बजट से बर्तनों आदि की गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित कराई जानी है। 

इसके साथ ही खरीद का बिल बाउचर आदि की उपलब्धता स्कूल पर होनी चाहिए। एमडीएम की रसोई के लिए बजट का मिलने से बर्तन व उपकरणों की खरीद आवश्कतानुसार स्कूल कर सकेंगे। बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि जल्द ही धनराशि स्कूलों के खाते में भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि खरीदारी के बाद सामग्री का सत्यापन खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से किया जायेगा।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर से अकबरपुर के लिए 4 तो अमेठी के लिए नहीं है डिपो में एक भी बस, जानें क्या बोले एआरएम

 

संबंधित समाचार