प्रतापगढ़: टाइनी शाखा संचालक को गोली मारकर बदमाशों ने लूटे 50 हजार रुपए, धरपकड़ में जुटी पुलिस टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुंडा प्रतापगढ़ अमृत विचार। प्रतापगढ़ जिले में हथिगवां थाना क्षेत्र के बड़ी बहरिया के करीब रविवार की रात को एसबीआई की टाइनी शाखा संचालक को रास्ते में नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर कैश से भरा बैग लूट लिया। बैग में 50 हजार रुपये थे। घायल का एसआरएन प्रयागराज में इलाज चल रहा है। पुलिस की टीमें बदमाशों की धरपकड़ में लगी हुई हैं।

हथिगवां छोटी बहरिया समसपुर गांव निवासी 27 वर्षीय चंदन दुबे पुत्र रामचंद्र ईरानपुर चौराहे पर एसबीआई की टाइनी शाखा का संचालन करते हैं। रविवार की रात वह अपना काम समाप्त करके घर के लिए बाइक से रवाना हुए थे। वह बहरिया के पास पहुंचे थे कि तभी पीछे से आए पल्सर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके दाहिने कंधे पर जा धंसी। इससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

फायर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े तो बदमाश चंदन के पास से करीब 50 हजार रुपये से भरा बैग लेकर भाग निकले थे। ग्रामीण चंदन को सीएससी लेकर पहुंचे। वहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत खराब होती देख प्रयागराज रेफर कर दिया। सीओ कुंडा अजीत सिंह ने बताया की  बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगी हैं।

इन दिनों कुंडा सर्किल में बढ़ गया है अपराध

कुछ दिनों से कुंडा सर्किल में आपराधिक मामले बढ़ गए हैं। अभी शुक्रवार की रात बदमाशों ने गयासपुर में किराना व्यवसायी के घर लूटपाट कर जमकर तांडव किया था। अब टाइनी शाखा संचालक को गोली से घायल करके कैश लूटकर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दे दी है।

यह भी पढ़ेः  Transfer से नाराज UP सहकारी ग्राम विकास बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन, प्रबंध निदेशक पर लगाए गंभीर आरोप

संबंधित समाचार