लखीमपुर खीरी: 30 टन चीनी से भरा ट्रक कर दिया गायब, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी से तीन साल पहले 30 टन चीनी लादकर गाजीपुर के लिए निकले ट्रक के गायब होने के मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने कानपुर के ट्रक मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मेला मैदान रोड निवासी सुमित सिंह महाकालेश्वर रोड लाइंस मेला मैदान भुईफोरवानाथ का प्रोपराइटर है। सुमित ने बताया कि वह विभिन्न जिलों मे भाड़े की गाड़ियों से आर्डर मिलने पर माल को पहुंचवाते हैं। 27 सितंबर 2021 को अंकित पांडेय नाम के व्यक्ति ने फोन किया और बताया कि वह भाड़े पर ट्रक चलाता है। उसका ट्रक शिवशंकर कुशवाहा पाण्डूनगर, काकादेव कानपुर के नाम से रजिस्टर्ड है। कहीं की बुकिंग हो तो दे दो।
सुमित ने बताया कि उस समय में चमुण्डा भण्डार गंगा बिहार कालोनी, गल्ला मण्डी चिनहट लखनऊ ने 30 टन चीनी पहुंचाने का आर्डर दिया था, जो कि फर्म महादेव प्रसाद कल्याण कुमार मारकीनगंज नक्खास गाजीपुर व सुनील एण्ड बदर्स सादात गाजीपुर जिला गाजीपुर को भेजनी थी।
बुकिंग उपलब्ध होने के कारण उन्होंने अंकित पांडेय से ट्रक संख्या UP 78DT-1895 के सभी कागजात रजिस्ट्रेशन, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस आदि देखने के बाद अपने कर्मचारी गोविंद यादव निवासी मोहल्ला हिदायतनगर के साथ ट्रक को अवध शुगर एण्ड एनर्जी लिमिटेड रोजा शाहजहांपुर भेज दिया, जहां पर कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अंकित पांडेय के साथ तीस टन चीनी लोड कर 30 सितंबर 2021 की रात करीब को 10:11 बजे गाजीपुर के लिए निकला।
कर्मचारी गोविंद यादव मोहम्मदी तक ट्रक के साथ आया। बाद में वह वहां से उतरकर लखीमपुर चला आया और ट्रक आगे गाजीपुर के लिए बढ़ गया। तय समय बीत जाने पर चीनी गाजीपुर नही पहुंची तो उन्होंने अंकित पाण्डेय को फोन किया। उसका मोबाइल बंद था।
उन्होंने आरोप लगाया है कि अंकित पांडेय और ट्रक मालिक शिव शंकर कुशवाहा ने धोखा दिया है। तीस टन चीनी का मूल्य 11,52,902 रूपये है, जिसे आरोपी गबन करने के फिराक में है। सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
