Kanpur: आईटीआई छात्र ने प्रेमिका को बुलाया कमरे में, आने से मना करने पर छात्र ने लाइव वीडियो कॉल करके दी जान...पढ़ें पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थानाक्षेत्र में उन्नाव के रहने वाले आईटीआई छात्र ने प्रेमिका को कमरे पर बुलाया। इस दौरान उसके आने से मना कर देने पर छात्र ने प्रेमिका को लाइव वीडियो कॉल कर आत्महत्या कर ली। यह नजारा देख प्रेमिका दौड़ते हुए किसी तरह कमरे पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया। वहां फंदे पर लटक रहे प्रेमी को उतारकर कल्याणपुर सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर मामले की जांच की। 

मूलरूप से जिला उन्नाव के बांगरमऊ रसूलाबाद जोगीकोट निवासी साबिर का 20 वर्षीय पुत्र आसिफ कल्याणपुर थाना क्षेत्र में स्थित कल्याणपुर कला में गायत्री मंदिर के पीछे संतोष सिंह के मकान में पिछले 1 वर्ष से किराए पर रह रहा था। वह कानपुर स्थित आईटीआई से मैकेनिकल संकाय का छात्र था। 

युवती ने बताया कि उसका आसिफ से पिछले 2 वर्ष से प्रेम संबंध है। जिसके कारण उसका आसिफ के कमरे पर आना-जाना रहता था। मंगलवार सुबह आसिफ ने युवती को कमरे पर बुलाया लेकिन उसने कोचिंग जाने की बात कह कर मना कर दिया। उसके बाद भी आसिफ फोन करता रहा। उसके न आने पर फांसी लगाने की धमकी देता रहा। दोपहर में वापस आने पर देखा तो आसिफ ने तीन वीडियो भेजे थे। अगली वीडियो कॉल आने पर उसने फोन उठाया तो आसिफ लाइव फंदा लगाता दिखा। वह दौड़कर उसके कमरे पर पहुंची। 

अंदर से दरवाजा बंद होने पर किराएदारों की मदद से धक्का मारकर दरवाजा खुलवाया तो आसिफ कमरे में गमछे से पंखे के कुंडे से फंदे के सहारे लटक रहा था। युवती और अन्य किराएदार एंबुलेंस के माध्यम से आसिफ को सीएचसी कल्याणपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना के साक्ष्य एकत्र किए। युवती ने आसिफ का मोबाइल पुलिस को सौंपा है। 

इस संबंध में कल्याणपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि आसिफ के परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस संबंध में एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया कि उन्नाव के रहने वाले छात्र ने जान दी है। लाइव सुसाइड नहीं किया गया है। 

यह भी पढ़ें- Kanpur: अब शादी में मिले तोहफे की देनी होगी जानकारी; वर व वधू दोनों पक्षों को 30 दिन के भीतर बताना होगा गिफ्ट में क्या मिला?

संबंधित समाचार