गोंडा: बिसुही नदी की उफान में समाए चाचा भतीजे का शव बरामद, शोक में डूबा परिवार
घटनास्थल से 2 किमी दूर दिनेश व 4 किमी दूर बरामद हुआ सूरजभान का शव
बभनजोत/गोंडा, अमृत विचार। मंगलवार की रात को बाइक समेत बिसुही नदी की उफान में समाए चाचा भतीजे का शव एसडीआरएफ की टीम ने हादसे के 60 घंटे बाद बरामद कर लिया। चाचा का शव घटनास्थल से 2 किमी दूर मठिया गांव के पास मिला जबकि भतीजे का शव 4 किमी दूर अगया घाट के समीप से बरामद किया गया। पुलिस ने एसडीएम और सीओ मनकापुर की मौजूदगी में मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के पनन कुंइया गांव के रहने वाले दिनेश कुमार गौतम (35) के मामा मंगल प्रसाद के बेटी की शादी मंगलवार को थी। मामा के बेटी की शादी में शामिल होने के लिए दिनेश अपने भतीजे सूरजभान (13) के साथ मंगलवार की शाम को खोड़ारे थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए बाइक से निकले था।
खोंडारे थाना क्षेत्र के अमवा घाट पुल पार करते समय वह सड़क पर बह रहे पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बाइक समेत नदी में समा गया था। सूचना मिलने पर स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस व एसडीआरएफ की टीम चाचा भतीजे की तलाश में जुटी थी। हालांकि बुधवार की शाम तक चले रेस्क्यू अभियान में दोनों का पता नहीं चल सका था।
बृहस्पतिवार की सुबह जब एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा से रेस्क्यू अभियान शुरू किया तो घटनास्थल से 2 किलोमीटर दूर मठिया गांव के समीप से मृतक दिनेश का शव पानी की धारा से बरामद हुआ। वहीं मृतक के भतीजे सूरजभान का शव घटनास्थल से चार किमी दूर अगया घाट पुल के समीप मिला।
एसएचओ मनोज पाठक ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
यह भी पढ़ें: बाढ़ पीड़ितों का दर्द जानने लखीमपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जानिये क्या कहा
