पीलीभीत: खेत पर गए ग्रामीण को देवहा नदी में खींच ले गया मगरमच्छ, दूसरे दिन मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरखेड़ा/पीलीभीत, अमृत विचार। खेत पर गए एक ग्रामीण को मगरमच्छ देवहा नदी में खींच ले गया। साथियों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। करीब 14 घंटे बाद रविवार सुबह शव बरामद हुआ। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा। 

मूल रुप से जनपद बरेली के थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव जरपा मोहनपुर के रहने वाले नन्हेलाल ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद वह गन्ने की फसल देखने गांव से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर देवहा नदी के किनारे खेत पर गए। नदी के किनारे गांव के ही रविंद्र सिंह (20) पुत्र राम सिंह और अजीत कुमार मिल गए। नजदीक से ही देवहा नदी बह रही है।

रविंद्र कुमार नदी किनारे शौच को चला गया। वह और अजीत तीस मीटर की दूरी पर थे। इस बीच अचानक मगरमच्छ ने हमला किया और रविंद्र को खींचकर नदी में ले गया। चूंकि घटनास्थल देवहा नदी किनारे थाना बरखेडा क्षेत्र में आता है। ऐसे में वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

दूसरे दिन रविवार सुबह करीब पांच बजे नदी किनारे शव बरामद हो गया। बरखेड़ा थाने के दरोगा महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हालांकि वन विभाग के कर्मचारी मगरमच्छ का हमला है या नहीं..इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

संबंधित समाचार