UP News: कंपोजिट ग्रांट के व्यव में गड़बड़ी, जांच के आदेश, बीएसए ने निरीक्षण में पकड़ी खामी
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी के मोहनलालगंज में स्थित कंपोजिट विद्यालय गौरा प्रथम में बेसिक शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण के दौरान ग्रांट के व्यव में गड़बड़ी मिली है। ऐसे में बीएसए ने जांच कमेटी गठित कर दी है। साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक से पिछले पांच साल की विद्यालय ग्रांट से जुड़ी पत्रावलियां तलब की है।
मौजूदा समय में शिक्षा विभाग की टीम स्कूलों टैबलेट का प्रशिक्षण देने के लिए पहुंच रही है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश व उनकी टीम मोहनलालगंज के गौरा प्रथम में शिक्षकों को टैबलेट के बारे में जानकरी देने के लिए पहुंचे थी। इस दौरान बीएसए ने पाया कि विद्यालय के भवन में कई सालों से रंगरोगन व मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया है। इस दौरान प्रधानाध्यापक से कंपोजिट ग्रांट खर्च का ब्योरा पूछा गया तो कुछ जवाब नहीं दे सके। इस पर नाराज बीएसए ने विद्यालय ग्रांट के व्यव से जुड़ी पत्रावलियां मांगी तो वह भी मौके पर नहीं दिखाई जा सकी। ऐसे में बीएसए ने कंपोजिट ग्रांट के खर्च को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए बीएसए ने बीईओ मोहनलालगंज सुशील कुमार और सहायक लेखाधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
लापरवाही मिलने पर 8 शिक्षकों को प्रतिकूल प्रवृष्टि
मोहनलालगंज में ही दूसरी ओर प्राथमिक विद्यालय गौरा द्वितीय में सभी शिक्षकों को बीएसए ने प्रतिकूल प्रवृष्टि दी है। सभी शिक्षक आनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही कर रहे थे। इसके साथ ही निपुण लक्ष्य, और मिशन प्ररेणा ऐप सहित तमाम जानकारी भी नहीं दे पाये। यहां बीएसए की ओर से पूछे जाने पर शिक्षक पढ़ाई को माड्यूल भी नहीं बता पाये। जिसके बाद सभी शिक्षकों के खिलाफ प्रतिकूल प्रवृष्टि की कार्रवाई की करते हुए नोटिस जारी किया गया है।
कंपोजिट विद्यालय गौरा प्रथम में ग्रांट के व्यव में गड़बड़ी की जानकारी मिली है। इस संबंध में प्रधानाध्यापक से पत्रावलियां मांगी गई है। साथ ही जांच कमेटी भी गठित की गई है।
राम प्रवेश, बेसिक शिक्षा अधिकारी, लखनऊ
