बड़ी-बड़ी दाढ़ी और भिखारी जैसे भेष के पीछे छिपा असलहा तस्कर...आरोपी के कारनामें सुन कानपुर कमिश्नरेट पुलिस भी हो गई हैरान
हरबंश मोहाल पुलिस को मिली सफलता कट्टा, पिस्टल व कारतूस बरामद
कानपुर, अमृत विचार। एक 65 वर्षीय शातिर अपराधी को भिखारी के भेष में असलहों की तस्करी करने के मामले में हरबंश मोहाल पुलिस ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध कमिश्नरेट के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को तमंचा, पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
हरबंश मोहाल इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के साथ दुर्दांत अपराधी हरी शंकर शर्मा निवासी नयागंज थाना कलक्टरगंज को गिरफ्तार किया गया है।
बताया कि उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों मे हत्या, मादक पदार्थ तस्करी व अवैध हथियार तस्करी से संबधित मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि वह भिखारी के भेष मे पुनः अवैध शस्त्र तस्करी में लिप्त होने की जानकारी मिल रही थी। थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गणेश मंदिर के सामने पार्क के बगल गली से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी के कब्जे से 02 तमंचा 32 बोर व एक पिस्टल 32 बोर 02 जिन्दा कारतूस बरामद हुए। इंस्पेक्टर ने बताया कि शातिर पर हरबंश मोहाल, कलक्टरगंज, नौबस्ता, फजलगंज, रेलबाजार आदि थानों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनि आदित्य बाजपेयी, सुरदीप सिंह डागर, जगप्रताप सिंह परिहार वहीं क्राइम ब्रांच से उपनि राहुल कुमार, मंजीत कुमार, हेड कां शैलेन्द्र सिहं, प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे।
