बरेली: ऑनलाइन हाजिरी का विरोध...बेसिक शिक्षकों को मिला माध्यमिक शिक्षक संगठनों का समर्थन
बरेली, अमृत विचार। बेसिक शिक्षकों की ओर से स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध किया जा रहा है। तमाम माध्यमिक शिक्षक संगठनों ने बेसिक शिक्षकों के आंदोलन का समर्थन किया है।
माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) के जिलाध्यक्ष श्याम शर्मा का कहना है कि बेसिक स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति लागू करने से पहले सभी विभागीय कार्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू हो। कार्यालयों में चार्टर एक्ट के तहत नियमों का पालन हो, ताकि शिक्षकों को अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के मंडलीय मंत्री डाॅ. नरेश सिंह का कहना है कि ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था में बदलाव कर शिक्षकों को राहत दी जाए। संगठन बेसिक शिक्षकों के इस आंदोलन में हर तरह से उनके साथ है। शिक्षक महासभा के वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्रा ने भी परिषदीय स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध जताते हुए शिक्षकों के आंदोलन को संगठन की ओर से समर्थन देने की बात कही है।
