बदायूं: मानवता शर्मसार! हादसे में युवक की मौत...रात भर कुचलते रहे वाहन, लोग बनाते रहे वीडियो
बदायूं, अमृत विचार। थाना बिनावर क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। जहां हाइवे पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जिसके बाद हाइवे से गुजरने वाले वाहन शव को कुचलते हुए चलते चले गए। लोगों ने शव देखा तो वीडियो बनाकर वायरल तो की, लेकिन शव को हाइवे से किनारे नहीं रखा। जानकारी होने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव हाइवे से चिपका हुआ था और पूरी तरह से क्षत विक्षत था।
दरअसल, सोमवार रात किसी वाहन ने बरेली-मथुरा हाइवे पर थाना बिनावर क्षेत्र में एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे युवक सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद से हाइवे से गुजरने वाले वाहन शव को कुचलते रहे। लोगों ने रात लगभग तीन बजे मौके पर युवक के शव के ऊपर से वाहनों के गुजरने की घटना देखी। अपने-अपने मोबाइल निकालकर वीडियो तो बनाई, लेकिन न तो शव हाइवे किनारे रखा और न ही पुलिस को सूचना दी।
रात से सुबह तक शव को कुचलने का सिलसिला चलता रहा। शव राजमार्ग पर चिपक गया था और कपड़े तक नहीं बचे। सिर्फ नीले रंग के कपड़े का एक टुकड़ा ही मिला। पुलिस ने युवक के अंगों को एक पोटली में बांधा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक मंदित था और इधर-उधर घूमता रहता था। प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत शर्मा ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई थी। जानकारी होने पर मौके पर गए थे। जिसकी शिनाख्त नहीं हुई है। युवक के बारे में जानकारी की जा रही है।
