लखनऊ: 7 साल से नहीं पूरी हुईं लाखों कर्मचारियों की मांगें, महासंघ ने योगी के मंत्री को पत्र देकर अब कही ये बड़ी बात
लखनऊ, अमृत विचार। नगर निगम मुख्यालय की नई इमारत का भूमि पूजन मंगलवार को हुआ। इस दौरान नगर विकास मंत्री एके शर्मा को उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ की तरफ से एक मांग पत्र सौंपा गया है। मांग पत्र देकर उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।
दरअसल, प्रदेश में 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका और करीब 434 नगर पंचायत हैं, जिसमें लाखों कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनमें लगभग 70 हजार कर्मचारी लिपिक संवर्ग के हैं। इन कर्मचारियों के लिए अभी तक कोई नियमावली ही नहीं बनी। जिससे इनका प्रमोशन तक नहीं हो पा रहा है। इतना ही नहीं 7 वें वेतन आयोग का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इसके अलावा साल 2001 से पहले विभाग में कार्य कर रहे दैनिक वेतन कर्मचारियों को अभी तक नियमित नहीं किया गया है। वहीं अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारी नियमित किये जा चुके हैं। जबकि इसके लिए साल 2016 में शासनादेश भी जारी कर दिया गया था।
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने बताया है कि इसी तरह की अन्य मांगें और भी हैं, जिसमें खाली पड़े पदों पर भर्ती, सफाई कर्मियों की प्रमोशन, बीमा समेत करीब 13 मांगे कर्मचारियों की है। इन मांगों को लेकर हम लोग सात साल से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आश्वासन देने के बाद भी हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। आज एक बार फिर मंत्री को ज्ञापन सौंपा है। जिस पर उन्होंने जल्द बैठक कर समस्या के सामाधान की बात कही है।
