Kanpur News: बादलों की बेरुखी ने चिंता बढ़ाई, संकट में धान की रोपाई
कानपुर, अमृत विचार। आमजन और किसान बारिश के लिए लगातार आसमान की तरफ टकटकी लगाए हैं, लेकिन पिछले 10-12 दिनों से मानसून की बारिश नहीं होने से तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है और उमस परेशान कर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो-तीन दिन मानसूनी बरसात की संभावना नहीं है। बदली के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से लेकर 16 जुलाई तक कानपुर में 173.7 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई है। मौसम विशेषज्ञ सुनील पांडेय का कहना है कि जुलाई में 9 दिन मानसून ब्रेक हो चुका है, यदि आगे भी ऐसी स्थिति बनती है तो हालात चिंताजनक और किसानों के लिए मुश्किल भरे हो सकते है।
धान की रोपाई का समय चल रहा है। बारिश नहीं होने से फसल प्रभावित हो सकती है। जिन किसानों ने बारिश होने पर धान की रोपाई कर दी थी, उनको लगातार हर दूसरे या तीसरे दिन सिंचाई करनी पड़ रही है। इससे फसल की लागत बढ़ रही है। हर जगह सिंचाई की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। जिस तरह तापमान बढ़ रहा है, आसार अच्छे नहीं हैं। मौसम सूखे की आशंका बढ़ा रहा है।
सीएसए के मौसम विभाग के सीबी सिंह ने बताया मंगलवार को सामान्य से 4.7 डिग्री ऊपर चढ़कर अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 3.1 डिग्री ऊपर चढ़कर 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
ये भी पढ़ें- कानपुर में मोहर्रम के जुलूस निकालने के दौरान कई जगह बवाल: जमकर चले लाठी-डंडे, आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए
