Kanpur में सांसद रमेश अवस्थी बोले- विकसित कानपुर के लिये पोस्टकार्ड से दें सुझाव, शहर के विकास के लिये गिनाई प्राथमिकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

यातायात, पर्यटन, मंदिरों का सुंदरीकरण, बंद मिलों को चालू करने का किया वादा

कानपुर, अमृत विचार। विकसित कानपुर कैसा हो इसको लेकर शहर की जनता भी पोस्टकार्ड, ई-मेल के जरिये सुझाव दे सकेगी। बुधवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने घोषणा करते हुये कहा कि अधिकारियों और चुनिंदा लोगों के सुझाव के आधार पर शहर का विकास संभव नहीं है। 

असली समस्याएं और उसके निदान तो शहर की जनता बताएगी। उसी के आधार पर कार्य होगा। सांसद रमेश अवस्थी ने एक प्रेसवार्ता कर कहा कि कानपुर 2047 विजन तैयार हुआ है। अधिकारियों ने 10 हजार लोगों का सुझाव लिया है, लेकिन इससे काम नहीं चलेगा। मैं जनता से पत्रकारों से सुझाव मांग रहा हूं, कोई भी मुझतक पोस्टकार्ड, ई-मेल के जरिये विकास की परिकल्पना पहुंचा सकेगा।

विनायकपुर में डीएनजी ग्रांड होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि शहर का यातायात सुदृण हो, पर्यटन को बढ़ावा देना, पौराणिक मंदिरों का सुंदरीकरण, बंद मिलों को चालू करने संबंधी काम उनकी प्राथमिकता में हैं। उन्होंने कहा कि शहर में जो भी पूर्व से प्रस्तावित विकास कार्य हैं वह इसी पांच साल के कार्यकाल में पूरा करेंगे। बस्तियों के विकास के लिये जन सेवा चौपाल कार्यक्रम होगा।  

रमेश अवस्थी ने कहा की कानपुर का पुराना वैभव लौटाना है। कानपुर देश का मैनचेस्टर कहलाता था। कभी अंग्रेजों के ज़माने में वैभवशाली इतिहास था जो पिछड़ गया। बीजेपी के आने के बाद यहां का विकास फिर से तेजी से बढ़ा है। हमने जो जीतने से पहले संकल्प लिया था उसे अब पूरा करना है। उन्होंने का सबसे बड़ी समस्या यातायात है इसके लिए रेलवे ट्रैक को मंजूरी मिल गई है। प्राथमिकता से कानपुर को जाम मुक्त करना है। 

अनवरगंज मंधना रेलवे ट्रैक का काम पूरा करना है। इस रूट पर 17 क्रॉसिंग है जिसमे 40 लाख लोग 13 लाख वाहन निकलते हैं। यह काम तीन साल में पूरा हो जायेगा । हमने रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की है। यहां का जो स्टेशन है उसका गौरव शाली इतिहास है। यहां 75 हजार लोग रोज आते हैं। देश के 5 बड़े स्टेशन में कानपुर भी शामिल है। झकरकटी के पास अतिक्रमण ख़त्म होगा। 

रेलवे स्टेशन नंबर एक के पास ख़राब सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बनाएंगे। मालरोड़ से लेकर कैंट की तरफ से स्टेशन पहुंचने वाला रास्ता साफ होगा और भव्य रेलवे स्टेशन बनने जा रहा है। सांसद ने कहा कि ग्रीन पार्क हमारे धरोहर है। जो भी कानपुर के विकास में सहयोग देगा हम उससे जाकर मिलेंगे। पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी भी मौजूद रहे।

ऐसा कोई पर्यटन स्थल नहीं जहां पर्यटक रुकें

कानपुर में पर्यटन का बहुत बड़ा स्कोप है। आज कोई बाहरी व्यक्ति रुकना नहीं चाहता है, जेके मंदिर, बिठूर में ऐसा कुछ नहीं है जिससे लोग बहुत प्रभावित हो सकें। पर्यटन बहुत बड़ा डिपार्टमेंट है। बिठूर का महत्त्व हम बहुत हाइलाइट नहीं कर पाए इसको और हइलाइट किया जायेगा। जिला जेल को शिफ्ट किया जायेगा। कानपुर के मंदिरो का सुन्दरीकारण अगली प्राथमिकता है। पनकी मंदिर में ट्रस्ट बनाकर जीर्णोद्वार होगा। एक प्रतिनिधि मण्डल सीएम योगी को विकास के लिए रोड मैप देगा। उन्होंने कहा कि सीएम ने कानपुर में आकर यहां चर्चा करने का वादा किया है। 

आईआईटी का छात्र शहर में रुके यह जरूरी

कानपुर के जो प्रतिभाशाली बच्चे हैं वह आईआईटी से पढ़ाई कर बाहर चले जाते हैं। उनका लाभ हमें नहीं मिल पाता है। कानपुर में रुके इसके लिए विकसित कानपुर के मॉडल में आइआईटी हब बनाने की तैयारी की जाएगी। जिससे आईआईटी में पढ़ने वाले छात्र यहां रुक सकें। 

गठबंधन के झूठ को मतदाताओं ने किया बेनकाब

रमेश अवस्थी ने कहा कि इंडी गठबंधन द्वारा पूरे देश में जनता को गुमराह करने के लिए भ्रम फैलाया गया की संविधान खतरे में है। भाजपा आई तो आरक्षण खत्म कर देगी। हर महिला के खाते में 8500 रू हर माह आ जायेगा आदि अनेकों झूठ फैलाकर चुनावी लड़ा। 

इसकी वजह से हमें नुकसान उठाना पड़ा। जहां हम जीतने की स्थति में थे वहां हमारे मतदाता इनके झूठ में फंस गए। बाद में मतदाताओं ने इनकी झूठ की गॉरंटी को समझ लिया। कानपुर में भी झूठे नेरेटिव फैलाए गए लेकिन कानपुर की जनता ने इनके झूठे नेरेटिव को समझ लिया और मोदी जी की झोली में इस सीट को डाल दिया।

ये भी पढ़ें- कानपुर में मोहर्रम के जुलूस निकालने के दौरान कई जगह बवाल: जमकर चले लाठी-डंडे, आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए

संबंधित समाचार