शाहजहांपुर : यूपी STF ने एक लाख के इनामी शाहनूर को मुठभेड़ में किया ढेर, सीने में लगी गोली...दर्ज हैं हत्या-डकैती के मुकदमे
तिलहर (शाहजहांपुर), अमृत विचार। यूपी एसटीएफ ने बुधवार रात पिथनापुर के जंगल में मुठभेड़ के दौरान एक लाख के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया। मारा गया बदमाश कुख्यात अपराधी था और उस पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, डकैती व लूट के कई मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि एसटीएफ टीम को सूचना मिली कि संभल जिले के मैनाठेर इलाके का निवासी बदमाश शहनूर उर्फ शानू (38) गिरफ्तारी से बचने के लिए शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र के पिथनापुर गांव में छिपकर रह रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को एसटीएफ की टीम ने उसे घेर लिया और भागने की कोशिश में उसने टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके सीने में जा लगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मीणा ने बताया कि शानू पर बदमाश संभल के मोहल्ला भूरा सराय निवासी शाहनूर उर्फ शानू (35) था। जिले के अलग-अलग थानों में लूट हत्या और डकैती के 32 मुकदमे दर्ज हैं।
