बांदा पुलिस की नई पहल: जनपद को नशामुक्त बनाने को पुलिस की इंटीग्रेटेड टीमें "ऑपरेशन ईगल" के तहत करेंगी गैंगस्टर की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक साप्ताहिक और उप महानिरीक्षक करेंगे मासिक अभियान की समीक्षा
बांदा, अमृत विचार। प्रदेश की योगी सरकार ने अब नौजवानों का भविष्य खराब करने वाले नशे के सौदागरों पर नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर अब जिले में पुलिस की इंटीग्रेटेड टीमें मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों को चिन्हित कर नशे की पूरी चेन को नेस्तनाबूद करेगी।
साथ ही गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद संपति कुर्क करके ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत नए कानूनों के तहत कठोर सजा दिलाई जाएगी। वर्ष 2024 के आंकड़ों के अनुसार पुलिस ने अभी तक कुल 67 अभियुक्तों के कब्जे से एक हजार किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, वहीं एक दर्जन तस्करों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। जबकि करीब 15 करोड़ रुपए की संपति को कुर्क किया गया है। पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया है कि नशे के कारोबारियों को चिन्हित करके उन्हें रेड कार्ड भी जारी किया जाएगा।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से बात करते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर सख्त रुख अपनाया है और तस्करों पर कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन भानू भास्कर के मार्गदर्शन में जनपद को नशा मुक्त करने के लिए ऑपरेशन ईगल शुरू किया गया है।
.jpg)
बताया कि ऑपरेशन ईगल के तहत न सिर्फ मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले बल्कि उनके माध्यम से मादक पदार्थों के तस्करों की पूरी चेन को चिन्हित करके कार्रवाई की जाएगी। जिसमें छोटे-छोटे अभियुक्तों के साथ ही तस्करी की चेन में शामिल सप्लायर आदि भी शामिल होंगे। बताया कि नशे के दलदल में फंसे युवाओं को बाहर निकालने का भी प्रयास किया जाएगा।
अभियान में क्षेत्राधिकारी अपराध की अगुवाई में सर्विलांस व लोकल थानों की बाडी कैम और अन्य तकनीकों से लैस इंटीग्रेटेड टीम गठित की गई है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि अभी तक गांजा आदि मादक पदार्थ पकड़े जाने पर थाना पुलिस आरोपी पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाइ करती थी, जबकि ऑपरेशन ईगल के तहत बरामदगी के दौरान पकड़े गए वाहनों के मालिकों की भी जांच की जाएगी और उनकाे भी कार्रवाई की जद में लाया जाएगा।
बताया कि नशे के कारोबार में शामिल प्रत्येक अभियुक्त पर गैंगस्टर व पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। साथ ही संपति की जांच कराकर कुर्की की जाएगी। वांछित अभियुक्तों पर पुरस्कार घोषित करके उनकी शीघ्र गिरफ्तारी कराई जाएगी। वहीं पहले से एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुके अभियुक्तों को पुलिस रेड कार्ड जारी करेगी और उनके अपराध क्षेत्र को चिन्हित करके कार्रवाई करेगी। बताया कि ऑपरेशन ईगल की नियमित समीक्षा की जाएगी।
15 करोड़ की संपति सीज कर तोड़ी तस्करों की कमर
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया है कि जनपद पुलिस ने अभी तक 67 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर करीब दो करोड़ से अधिक कीमत का 1011 किलो गांजा बरामद किया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत 45 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। जबकि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त एक दर्जन अभियुक्तों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई भी गई है। वहीं अभियुक्तों की 14 करोड़ 94 लाख 36 हजार चार सौ रुपए की संपति सीज करके उनकी आर्थिक रूप से कमर तोड़ने का काम किया है।
बताया कि इस वर्ष जनवरी माह में थाना गिरवां में 6 अभियुक्ताें के कब्जे से 6 कुंतल गांजा, डीसीएम और एक बोलेरो, अप्रैल में अतर्रा में 4 अभियुक्तों के कब्जे से 60 किलाे गांजा, बिक्री का 69 हजार रुपया नगद व दो लग्जरी वाहन, थाना पैलानी में 6 अभियुक्तों के पास से 101 कलो सूखा गांजा, दो मारुति वैन, बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किए गए हैं। जबकि दो दिन पहले ही थाना कालिंजर में 5 अभियुक्तों के कब्जे से दो प्लास्टिक की बोरियों में 55 किलो गांजा, इनोवा क्रिस्टा, मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें- Sisamau By-Election: बीजेपी-सपा का खेल बिगाड़ सकती है 'एएसपी', अगस्त में प्रचार करने आएंगे चंद्रशेखर
