मुरादाबाद : पांच हजार से अधिक सांपों को नया जीवन दे चुके हैं अजीम, 10 साल से निशुल्क कर रहे कार्य

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

घर, फैक्ट्री, खेत व सार्वजनिक स्थलों से सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ते हैं

खुशवंत चौधरी, अमृत विचार। बरसात के मौसम में अक्सर सांप अपने बिल से निकलकर घरों, खेतों व फैक्ट्रियों में घुस जाते हैं। ऐसे में अधिकांश लोग इन सांपों से डरकर इन्हें भगाने के बजाय मार देते हैं। जिससे एक सांप बिना कोई गलती किए अपनी जान गवां देता है, तो कुछ सांप इंसानों को काट लेते हैं। जिससे कुछ लोगों की मृत्यु भी हो जाती है। लेकिन, महानगर में एक इंसान ऐसा भी है। जो अब तक ऐसे पांच हजार से अधिक सांपों को नया जीवन दे चुका है। वह अपने साहस से ऐसे सांपों को बीते 10 सालों से पकड़कर जंगल में छोड़कर उन्हें नया जीवन दे रहा है।

मझोला थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अजीम फैक्ट्री में वाटर ट्रीटमेंट का काम करते हैं। परिवार में पत्नी निशा और तीन बेटियां हैं। अजीम के चाचा बहुत पहले सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ा करते थे। फिर यहीं काम उनके भाई मोहम्मद शमी करने लगे। आज से करीब 10 साल पहले अजीम को भी सांपों को नया जीवन देना बहुत पसंद आया। उन्होंने अपने भाई से सांपों को पकड़ना सीखा। इसके बाद भाई शमी का कारोबार बढ़ गया और वह दूसरे कार्यों में व्यस्त हो गए। इसके बाद अजीम ने सांपों को बचाना अपने जीवन का ध्येय बना लिया। लेकिन, पत्नी और बेटियों की जिम्मेदारी और घर चलाने में मुश्किल होने लगी। तभी उन्होंने फैक्ट्री में काम करना शुरू कर दिया। लेकिन, सांपों को पकड़ना नहीं छोड़ा। जब भी उनके पास किसी का फोन आता है तो वह तुरंत वहां पहुंचकर सांप को नया जीवन देते हैं। 

मोहम्मद अजीम ने बताया कि अक्सर लोगों के घरों में सांप निकल जाते हैं, तो वह उन्हें मार देते हैं। लेकिन, मैं निशुल्क उन्हें घरों से निकाल कर जंगल में छोड़ आता हूं। अब तक अजीम 10 सालों में पांच हजार से अधिक सांपों को नया जीवन दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि साथ ही वह लोगों को जागरूक करते हैं। कि अगर कभी भी कोई सांप काटे तो सीधे अस्पताल पहुंचे। कभी भी किसी के बहकावे में न आएं। झाड़ फूंक से इलाज की बजाए सरकारी अस्पताल में जाकर एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगवाएं। क्योंकि अस्पताल जाने पर चिकित्सक आपा बेहतर उपचार करेंगे। लेकिन, अगर आप किसी झाड़-फूंक वाले के चक्कर में पड़ते हैं तो अपनी जान गवां देंगे। अजीम बीते 10 वर्षों से यह काम निशुल्क कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : Moradabad News : आज से रूट डायवर्ट, कांवड़ पथ पर बंद रहेंगे भारी वाहन...इन मार्गों पर ऐसी रहेगी यातायात व्यवस्था

संबंधित समाचार