सुल्तानपुर: वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हुई तो शहर में लग जाएगा कूड़े का ढेर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रशासन साल भर से नहीं ढूढ़ पाया कूड़ा डंपिंग स्थल

सुल्तानपुर, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद यदि एक दो दिन में जिला प्रशासन के साथ मिलकर कूड़ा डंपिंग के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाता है तो शहर ही कूड़े के ढेर में तब्दील होने लगेगा। साल भर से जिला प्रशासन ने कूड़ा डंपिंग स्थल के लिए जमीन ही पालिका को मुहैया नहीं करा सकी है। शहर से सटे पलहीपुर गांव में ढूढ़ी गई दो एकड़ जमीन अभी तक पालिका को हैंडओवर नहीं हो सकी है।

नगर पालिका परिषद सुलतानपुर 25 वार्डों में आबाद है। पालिका के आंकड़ों की मानें तो करीब 54 एमटी कूड़ा प्रति दिन नगर क्षेत्र से निकलता है। पालिका का अपना कूड़ा डंपिंग स्थल बाइपास पर अलहदादपुर में है। जहां से वर्षों से कूड़ा डंप किया जाता है। यह अब तक आबादी से दूर था। पर, पिछले एक दशक से यहां भी शहर आबाद हो गया है। वहीं, यह जितनी जगह है उसमें लाखों टन कूड़ा डंप हो गया है। जगह नहीं बची है। ऐसे में शासन स्तर से यहां लाखों रुपये खर्च कर कूड़ा निस्तारण कराया जा रहा है। जहां पर मशीनें लगाकर गीला और सूखा कूड़ा अलग किया जा रहा है। 

यह कार्य करीब साल भर से चल रहा है। अभी यहां पर कार्य पूरा होने में समय लगेगा। कई बार जिला प्रशासन से पत्राचार के बाद भी प्रशासन ने कूड़ा डंपिंग के लिए जमीन नहीं खोज पाया है। जबकि, पालिका को कूड़ा डंपिंग के लिए तीन से पांच एकड़ जमीन की जरूरत है। अभी तक पालिका प्रशासन इधर-उधर किसी तरह से कूड़ा गिरवाकर व्यवस्था बनाए था। पर, शुक्रवार से स्थिति बिगड़ने लगी है। 

सुबह का कूड़ा उठाकर गाड़ियों में ही डंप है। कुछ गाड़ियां सभागार तो कुछ हाइवे पर सड़क किनारे कूड़ा लेकर खड़ी रही। देर शाम तक इधर-उधर कूड़ा उतरा जा सकता है। कर्मियों ने दबी जुबान बताया कि यदि स्थिति यही रही तो एक दो दिन में हालात और खराब हो जाएंगे। हम लोग शहर से कूड़ा ही नहीं उठाएंगे।

शहर से पलहीपुर के पास जमीन खोजी गई है। अभी उसे पालिका को हैंडओवर नहीं हुआ है। वहां भी पहुंचने का रास्ता कच्चा ही है। बारिश में समस्या होगी। पत्राचार कर प्रशासन से कूड़ा डंपिंग के लिए जमीन की डिमांड फिर की जाएगी। समस्या का निदान करा लिया जाएगा- प्रवीन कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद सुल्तानपुर

ये भी पढ़ें- सुल्तानपुर बार एसोसिएशन चुनाव: 41 प्रत्याशियों के बीच होगा दिलचस्प मुकाबला, 29 को 1863 मतदाता करेंगे मतदान 

संबंधित समाचार