Chitrakoot News: पत्नी पर एसिड अटैक करने में दोषी को 10 साल की कैद...जिले का इस तरह का पहला मामला आया सामने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में पत्नी पर एसिड अटैक करने में दोषी को 10 साल की कैद

चित्रकूट, अमृत विचार। जिले में एसिड अटैक के पहले मामले में शनिवार को जिला जज विकास कुमार प्रथम ने निर्णय सुनाया। विवाहिता को एसिड डालकर जलाने के मामले में दोषी पति को 10 वर्ष कारावास की सजा दी। इसे 15 हजार रुपये अर्थदंड भी दिया। 

जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्यामसुंदर मिश्रा ने बताया कि भरतकूप निवासी साधना देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराकर बताया था कि चार फरवरी 2016 को उसकी शादी बांदा जिले के बबेरू कस्बे की नहर पट्टी निवासी दिनेश कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज को लेकर ताना मारते और मायके से बाइक,  सोने की जंजीर और 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाने लगे थे। 

पिता ने गरीबी का हवाला देते हुए और अधिक दहेज देने में असमर्थता जताई और उसे समझा बुझाकर ससुराल भेज दिया। 31 दिसंबर 2016 की रात ससुरालीजनों ने उसे कमरे में बंद कर एसिड डालकर आग लगा दी और दरवाजा बाहर से बंद करके चले गए। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। हालांकि इस दौरान वह बुरी तरह झुलस गई और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। 

इसकी शिकायत उसने बांदा जिले के पुलिस अधिकारियों से की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। लगभग एक साल बाद वह सामाजिक दबाव के कारण फिर से ससुराल चली गई। नौ जुलाई 2020 को ससुरालीजनों ने उसका सामान छीनकर मारपीट की और घर से निकाल दिया। मायके भरतकूप आने पर ससुराली 12 जुलाई को वहां पहुंच गए और गालीगलौज की, मुकदमा दायर करने पर जान से मारने की धमकी दी। 

इसकी सूचना उसने इलाकाई पुलिस को दी  पर सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते उसने न्यायालय में धारा 156 (3) के तहत प्रार्थनापत्र दिया। इसमें चित्रकूट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश पर भरतकूप थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। 

साथ ही पति के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद शनिवार को जनपद न्यायाधीश विकास कुमार प्रथम ने इस मामले में निर्णय सुनाया। दोषसिद्ध दिनेश कुमार को 10 वर्ष कारावास की सजा के साथ 15 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

ये भी पढ़ें- Unnao: Social Media में वायरल एक PHOTO ने मचा दी धूम...जिसने भी देखा, बोला- वाह रे खाकी, आपके लिए तो सब कुछ संभव है

संबंधित समाचार