शाहजहांपुर: मंदिर पर कब्जे के प्रयास को लेकर वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन, थाने पहुंचकर दी तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंदिर परिसर के पास मिट्टी डालने पहुंचा डंपर लौटाया

खुटार, अमृत विचार। वाल्मीकि मंदिर पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मंदिर के पास मिट्टी डालने पहुंचे डंपर को लौटा दिया। डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद महिलाएं और पुरुष थाने पहुंचे। जहां पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। 

गोला रोड किनारे वाल्मीकि बस्ती बसी हुई है। यह मोहल्ला कोट में आता है। यहां पर महर्षि वाल्मीकि मंदिर स्थापित है। जिसमें मूर्ति रखी हुई है। मोहल्ले के अमित, राजू, राजीव, सर्वेश, चंदन लाल, ओमप्रकाश, रामश्री, मुकेश, बीरू, पूजा, कुसुम, रीता देवी, लक्ष्मन, जगेश्वरी आदि लोगों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष महर्षि वाल्मीकि जयंती पर इसी स्थान से शोभायात्रा निकालते हैं। 

WhatsApp Image 2024-07-21 at 20.04.06_e9173eb4

आरोप लगाया कि कुछ साल से मंदिर के साथ ही तालाब की भूमि पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। आसपास करीब पांच बीघा भूमि है। रविवार दोपहर करीब एक बजे उस स्थान पर एक प्रापर्टी डीलर ने डंपर से मिट्टी डलवा दी। शाम करीब तीन बजे फिर से मिट्टी भरा डंपर पहुंचा तो मोहल्ले वालों ने मना कर दिया। आरोप है कि मंदिर परिसर में लगी झंडियों को मिट्टी डालने वालों ने उखाड़ कर फेंक दिया। इससे वाल्मीकि बस्ती के लोगों का गुस्सा भड़क गया। 

इसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। जहां यूपी 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मिट्टी भरे डंपर को लौटा दिया गया। मोहल्ले वासियों ने पुलिस को बताया कि खुटार थाने में तैनात हल्का सिपाही ने चल रहे भूमि विवाद में शनिवार को आकर लोगों को हड़काया था। जबकि इस मामले में पीड़ितों की तरफ से पूर्व में शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद पुलिस उन लोगों को ही परेशान कर रही है। पुलिस ने मामला शांत कराने के बाद वापस लौट गई। रविवार दोपहर बाद करीब पांच बजे बाल्मीकि बस्ती के लोग थाने पहुंच कर पुलिस से शिकायत की। लोगों ने उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

WhatsApp Image 2024-07-21 at 20.04.05_6b61307b

20 दिन पहले की गई थी शिकायत
बाल्मीकि बस्ती के लोगों ने मंदिर परिसर और तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में करीब 20 दिन पहले पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। जिसमें कहा गया था कि 30 जून शाम करीब छह बजे नगर के मोहल्ला बजरिया के रहने वाला एक व्यक्ति अपने शाहजहांपुर प्रॉपर्टी डीलर साथी और दो-तीन अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा था। जहां भगवान महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में लगे झंडा उखाड़ कर फेंकने लगे थे। घर की महिलाओं, बेटियों ने इसका विरोध किया तो गाली गलौज कर अभद्रता की थी। इसके अलावा जेसीबी मशीन और डंपर लाकर मंदिर को तहस नहस करने की धमकी दी थी। जबकि लोगों के सामने आने पर जेसीबी मशीन चढ़ा देने की धमकी भी दी गई थी।

WhatsApp Image 2024-07-21 at 20.04.05_66db8c5d

मेरे पास नहीं है टाइम, डायल 112 मिलाओ
गोला रोड पर स्थित पुल के नीचे महर्षि वाल्मीकि मंदिर और तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में रविवार को फिर से विवाद हो गया। प्रापर्टी डीलर डंपर से मिट्टी डलवा रहे थे। वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने इसकी शिकायत खुटार थाने में की। आरोप है कि कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि वह एक जरूरी काम से हैं। इसकी शिकायत यूपी 112 डायल पुलिस को दें लेकिन दो पक्षों के आमने-सामने होने पर विवाद बढ़ता जा रहा था। बावजूद इसके पुलिस ने मौके पर जाने की जरूरत नहीं समझी। सूचना पर पीआरवी पुलिस पहुंची तो मामला शांत हो पाया।

भूमि का करा दिया गया बैनामा 
वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर और तालाब की भूमि का नगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने शाहजहांपुर निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर के हाथ बिक्री कर दी। यह कुछ माह पहले भूमि की बिक्री की गई है। रविवार को उक्त व्यक्ति ने अपने चार साथियों के साथ जबरन डंपर से मिट्टी डालने लगा। मना करने पर विवाद कर दिया।

WhatsApp Image 2024-07-21 at 20.04.05_25914686

सूचना मिली थी। डायल 112 मौके पर पहुंची थी। मिट्टी डालने का कार्य बंद करा दिया गया है। राजस्व टीम गठित है। मामले की जांच कराई जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी- प्रमोद कुमार, कार्यवाहक थानाध्यक्ष, खुटा

ये भी पढ़ें- Shahjahanpur: शिक्षक संगठनों ने BSA से की मुलाकात; रखा पक्ष, बोले- पुवायां में चले निरीक्षण अभियान से बेसिक शिक्षकों की छवि की गई धूमिल

संबंधित समाचार