शाही : पुलिस मुठभेड़ में दो और उपद्रवी गिरफ्तार, अब तक 35 आरोपी भेजे गए जेल
मुठभेड़ में सिपाही भी घायल, 65 से ज्यादा लोगों ने की थी मारपीट
बरेली, अमृत विचार: थाना शाही क्षेत्र के गांव गौंसपुर में बवाल और पथराव करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस अब तक 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान बिहारीपुर और भमोरा के बीच सरकारी नल के पास शनिवार रात 12:47 बजे ग्राम गौसगंज निवासी निजाकत अली बाइक से अपने दोस्त आलमगीर के साथ आ रहा था। दोनों पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई और आलमगीर के पैर में लगी। इस दौरान हेड कांस्टेबल नफीस अहमद भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
गौसगंज गांव में मुहर्रम वाले दिन एक धर्म स्थल के पास ढोल बजाने को लेकर विवाद हुआ था। इस पर एक पक्ष के लोगों ने जमकर मारपीट की थी। इसके बाद रात में महिला पर लेजर लाइट मारने का हीरा लाल, रुपचंद्र, लालता प्रसाद, रेवीराम, मनोहर लाल समेत अन्य लोगों ने विरोध किया तो अब्दुल गाली-गलौज करने लगा। उसके बाद लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। महिलाओं के साथ भी मारपीट की। इस मामले में 50 नामजद समेत 65 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलावा थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने 75 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब तक 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सभी आरोपियों पर लगेगी रासुका, चलेगा बुलडोजर
बवाल करने के आरोपियों की संपत्ति चिह्नित की जा रही है। सभी आरोपियों पर रासुका लगाई जाएगी और उनके घरों पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा। इसके लिए पुलिस रिपोर्ट तैयार कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य का कहना है कि जिले का माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गांव में तनाव देखते हुए पुलिस-पीएसी तैनात
गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसलिए पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारी भी गांव में भ्रमण कर प्रधान और अन्य लोगों से बात कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक ने गांव में ही डेरा डाल रखा है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को लगातार वहां की स्थिति बता रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष की महिलाओं ने सौदागरान स्थित जमात रजा ए मुस्तफा के मुख्यालय आकर मदद की गुहार लगाई है। महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत की।
पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। अब तक 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी आरोपियों की संपत्ति चिह्नित की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी- मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी
ये भी पढ़ें-बरेली: आज से 96 ट्रेनों का संचालन प्रभावित, दो सप्ताह यात्रा होगी मुश्किल
