लखीमपुर खीरी: ट्रेन के सामने कूदकर मऊ के शिक्षक ने दी जान, हफ्ते भर पहले लखनऊ हुआ था ट्रांसफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में रेलवे स्टेशन के पास मऊ निवासी एक शिक्षक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई है। वहीं मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

मंगलवार की सुबह गोमती एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन से मैलानी के लिए रवाना हुई थी। माल गोदाम के पास ट्रेन के रफ्तार पकड़ने पर एक युवक रेल पटरी पर सिर रखकर लेट गया। बताते हैं कि जब तक लोग कुछ समझ पाते। इससे पहले ही उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद तमाम लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई।

जीआरपी पुलिस ने उसके पास से बरामद मोबाइल और दास्तावेजों से उसकी पहचान मऊ जिले के थाना मधुबन इलाके के गांव मित्तन निवासी हरिकेश कुमार (40) के रूप में की। हरिकेश की जेब से एक बस का टिकट मिला है, जो मड़ियावां से सीतापुर का है। सूचना पर लखीमपुर में रह रहे उनके रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। मृतक हरिकेश केंद्रीय विद्यालय असम में शिक्षक था। एक हफ्ता पहले ही उसका ट्रांसफर लखनऊ हो गया था। मंगलवार को ही वह लखीमपुर आया था। पुलिस ने मामले की जानकारी घर वालों को दी है।

वहीं जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही जीआरपी मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिवार के लोगों के भी देर रात तक लखीमपुर पहुंचने की संभावना है।

संबंधित समाचार