लखीमपुर खीरी: युवक की गला दबाकर हत्या...सड़क किनारे मिला शव, पास खड़ी बाइक की चाबी जेब में मिली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में रविवार की दोपहर से गायब युवक का रक्तरंजित शव सुंदरवल के पास सड़क किनारे बरामद हुआ है। पास में उसकी बाइक लॉक खड़ी थी। उसकी गोली मारकर हत्या करने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है। 

WhatsApp Image 2024-07-23 at 19.51.37_ad6d99d8
मृतक के घर पर लगी महिलाओं की भीड़।

 

जानकारी के मुताबिक, गांव अटकोहना सलारपुर निवासी परमीत सिंह (22) रविवार की दोपहर करीब तीन बजे बसैगापुर चौराहे पर जाने की बात कहकर बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं आया। इस पर उसकी मां मंदीप कौर परेशान होने लगीं और उसने परमीत सिंह के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन घंटी जाती रही और कॉल रिसीव नहीं हुई। 

रविवार शाम से उसका मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगा। इस पर मां और परिवार के अन्य लोग विचिलित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की। सोमवार की देर रात करीब 11 बजे सुंदरवल चौकी से दो सौ मीटर दूर स्थि राईस मिल के पीछे मार्ग पर उसका शव पड़ा बरामद हुआ। शव के पास पड़ा खून जम चुका था और पूरे शरीर पर फफोले पड़े थे। आशंका जताई जा रही थी कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है।

पास ही में कई शराब की बोतले, सिरेंज आदि भी पड़ी थीं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसके साथ अन्य कई लोग भी थे और शव के पास ही उसकी बाइक लॉक खड़ी थी । बाइक की चाभी मृतक परमीत सिंह की जेब में रखी हुई बरामद हुई है। हत्या की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें उसकी गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि की गई है। मृतक के मामा ने उसके फुफेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

एसपी ने निरीक्षण कर परिजनों से की पूछताछ
गांव अटकोहना सलारपुर गांव निवासी स्वर्गीय गुरमुख सिंह के 22 वर्षीय बेटे परमीत सिंह की हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी गणेश प्रसाद साहा मंगलवार की दोपहर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की मां मंदीप कौर और परिवार के अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली। परिवार वाले हत्या की रंजिश के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।

मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
परिवार वालों का कहना है रविवार को एक रिश्तेदार के बेटे ने परमीत को फोन कर बुलाया था। उसके बाद घर से निकला परमीत सिंह वापस लौटकर नहीं आया। पुलिस उसके पास से बरामद मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल खुलासे में काफी मददगार साबित होगी।

फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि मृतक के शव में कीड़े पड़ गए थे। पूरे शरीर पर फफोले पड़े हुए थे। मृतक के फुफेरे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: नमस्कार करती रही पुलिस, कुंडल नोचकर भाग निकला उचक्का

संबंधित समाचार