शाहजहांपुर: सिंधौली में गरजा बुलडोजर...35 अस्थाई अतिक्रमण हटाए, बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स रहा मौजूद
शाहजहांपुर/ सिंधौली, अमृत विचार। दिल्ली-पलिया नेशनल हाईवे के दोनों किनारों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण पर गुरूवार को बुल्डोजर चला। लकड़ी और टीन के खोखा हटाने के साथ ही झोपड़ियों आदि को तोड़ दिया गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रहा और व्यापारी चुपचाप खड़े कार्रवाई देखते रहे। इस दौरान करीब 30-35 अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा हाईवे किनारे जमीन पर कब्जा किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे नायब तहसीलदार सगीर अहमद के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण की कार्रवाई शुरू की गई। साथ में बुल्डोर भी चल रहा था। थाने गेट के पास से लेकर ब्लाक कार्यालय गेट के पास तक सड़क किनारे ठेला व काउंटर व जमीन में सामान लगाकर व्यापार करने वाले छोटे व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की यह कार्रवाई देखकर अपना-अपना सामान समेटना शुरू कर दिया और मौके से चले गए।
वहीं कुछ लोग जो टीन और लकड़ी के खोखे में सामान रखे हुए थे वह अपना सामान समेट कर चले गए और खोखा छोड़ गए। कुछ लोगों ने झोपड़ी आदि डालकर उसमें सब्जी आदि का व्यापार करना शुरू दिया था, उन्हें भी हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। बुल्डोजर से खोखा और झोपड़ी को तहस-नहस कर दिया गया। हालांकि कुछ लोगों ने अपना सामान कुछ दिन में हटा लेने की मोहलत मांगी लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी और उन्हें सड़क किनारे से हटा दिया।
बता दें कि सिंधौली कस्बे में जमुनिया मोड़ से लेकर पेट्रोल पंप तक लगभग एक किलोमीटर के दायरे में सड़क के दोनों ओर लोग बसे हुए हैं और दोनों ओर दुकानें भी है। 2022 में हाईवे चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ तो यहां से अतिक्रमण हटाना पड़ा। दोबारा अतिक्रमण न होने पाए, इसलिए मुख्य सड़क चौड़ी किए जाने के साथ ही दोनों ओर एक वाहन निकलने भर कर फुटपाथ दिया गया लेकिन अतिक्रमणकारियों की वजह से फुटपाथ का ज्यादातर हिस्सा वाहन स्टैंड के रूप में इस्तेमाल होने लगा। इससे फुटपाथ संकरा हो गया और लोगों के लिए आवागमन में दिक्कत शुरू हो गई।
यह हालत तब है, जबकि हाईवे के चौड़ीकरण का काम अभी चल रहा है। लोगों की दिक्कतों को देखते हुए तहसील प्रशासन ने पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए कई बार मौखिक तौर पर कहा लेकिन वर्षो से व्यापार जमाए बैठे लोग हटने को तैयार नहीं थे, तब फिर गुरूवार को नायब तहसीलदार ने पुलिस फोर्स के साथ बुल्डोजर लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
ब्लाक प्रमुख पति आए व्यापारियों के पक्ष में
अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने ब्लाक प्रमुख पति मुनेश्वर सिंह से मदद को गुहार लगाई, तब उन्होंने नायब तहसीलदार और इंस्पेक्टर से बात की, जिस पर दोनों अधिकारियों ने कहा कि जिन किसी को दुकानें लगानी हैं, वह स्थाई निर्माण नहीं करेंगे और इस तरह से दुकानें लगाए , जिससे कि हाईवे पर किसी तरह से आवागमन बाधित न हो।
तब लोगों को स्वैच्छा से हटाना पड़ा था अतिक्रमण
वर्ष 2022 में जब हाईवे चौड़ीकरण के कार्य की शुरू हुई तो सबसे पहले सिंधौली में पक्के स्थाई अतिक्रमण हटाए जाने के लिए व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद लोगों को स्वैच्छा से अतिक्रमण हटाना पड़ा था और जिन लोगों ने लापरवाही बरती उनके पक्के निर्माण ध्वस्त करते हुए अतिक्रमण को हटा दिया गया था लेकिन मौका लगते हुए फिर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया।
उच्चाधिकारियों के स्पष्ट निर्देश हैं कि राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त रखे जाएं। समय समय पर कार्रवाई होती रहेगी। -सगीर अहमद, नायब तहसीलदार
हाईवे के किनारे अतिक्रमण के कारण हर वक्त भीड़-भाड़ रहती है। अतिक्रमण और अनावश्यक भीड़ के कारण राजमार्ग से गुजरने वाले हाई स्पीड वाहनों से दुर्घटना होने की आशंका है। प्रशासनिक आदेश के अनुसार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। -धर्मेंद्र गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक, सिंधौली
