अयोध्या: मुंबई निवासी महंत पर जानलेवा हमले का आरोपी साधु गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने अयोध्या के परमहंस आश्रम के पास से पकड़ा 

अयोध्या, अमृत विचार। एसटीएफ और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अयोध्या कोतवाली के परमहंस आश्रम के पास से एक साधुवेशधारी को गिरफ्तार किया है। उसकी मुंबई पुलिस को एक महंत पर जानलेवा हमले के मामले में तलाश थी। मुंबई पुलिस क़ानूनी प्रक्रिया पुरी करवा आरोपी को अपने साथ ले गई है।  

महाराष्ट्र के जिला बृहन मुंबई के थाना कुरार गांव स्थित तपोबल मंदिर के महंत माधवदास पर चाक़ू से जानलेवा हमला हुआ था। उनका अभी इलाज चल रहा है। प्रकरण में थाना कुरार में जानलेवा हमले और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसटीएफ के डिप्टी एसपी धर्मेश शाही ने बताया कि मुंबई पुलिस के उपनिरीक्षक अविनाश नालवड़े ने एसटीएफ से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मदद मांगी थी।

 गोरखपुर इकाई के निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह की टीम ने मुंबई पुलिस के साथ आरोपी सूर्य नरायण दास उर्फ़ सूर्य नरायण राजभर निवासी छतमा बड़ागांव थाना दुल्हपुर जिला गाजीपुर को अयोध्या कोतवाली के परमहंस आश्रम के पास से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि तपोबल मंदिर पर आधिपत्य को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है।

 सूर्य नरायण दास वर्ष 2019 में वहां गया था और आश्रम के गौशाला में काम करता था। माधवदास की हत्या के लिए उसने पीयूष से सात लाख रूपये की सुपारी ली थी। चाक़ू से महंत पर जानलेवा हमला कर उनको मरणासन्न कर दिया,लेकिन उनकी जान बच गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई मुंबई पुलिस की ओर से की जाएगी।

 

संबंधित समाचार