'सीएम योगी पर पहले भी भरोसा था और आज भी विश्वास है' , बोले- BJP विधायक फतेह बहादुर सिंह
गोरखपुर, अमृत विचार। लगातार सुर्खियों में रहने वाले और अपने जान माल सुरक्षा का गुहार लगाने वाले पूर्व मंत्री और कैम्पियरगंज से भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना नेता बताते हुए कहा है कि सीएम योगी पर पहले भी भरोसा था और आज भी विश्वास है।
खुद के जान-माल के खतरे को लेकर हो रही उच्च स्तरीय जांच से संतुष्ट बताते हुए फतेह बहादुर सिंह ने कहा है कि वह जांच से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें पिछले पांच सालों से उपलब्ध कराई गई वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुख्यमंत्री की देन है और वह पूरी निष्ठा और आस्था के साथ सीएम योगी के साथ पहले भी थे और अब भी हैं।
शुक्रवार को अपने लेटर हेड पर एक बयान जारी करते हुए फतेह बहादुर सिंह ने कहा है, अभी हाल ही में कथित तौर पर कुछ व्यक्तियों द्वारा मेरी जान-माल का खतरा बताया गया, जिसकी प्रशासन द्वारा उच्च स्तरीय जांच एसटीएफ द्वारा कराई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पुष्टि नहीं हो पायी है। मैं जांच से पूरी तरह संतुष्ट हूं।
उन्होंने यह भी कहा है, व्यक्तिगत रूप से मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पहले भी था और अभी भी हूं। यहां यह भी स्पष्ट करना चाहूंगा कि मुझे पिछले पांच वर्षों से वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा भी मुख्यमंत्री द्वारा उपलब्ध कराई गई है।सीएम योगी के नेतृत्व में मैं पूरी तरह निष्ठा एवं आस्था के साथ विश्वास रखता हूं। इन के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का उत्तरोत्तर चहुमुखी विकास हो रहा है, जिसकी पूरे देश में सराहना की जा रही है। उल्लेखनीय है कि सीएम योगी के निर्देश पर विधायक फतेह बहादुर सिंह को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर: अपार्टमेंट की लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसे रहे 3 बच्चे, अटकी रही जान
