कारगिल विजय दिवस: वीर जवानों को याद कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
रजत जयंती पर जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रम
प्रतापगढ़, अमृत विचार : कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती पर शुक्रवार को जिले में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किये गए। लोगों ने वीर जवानों को याद कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
राजकीय आईटीआई परिसर स्थित विजय पार्क में जूबाए अध्यक्ष रोहित शुक्ला की अध्यक्षता में विजय दिवस मनाया गया। जूबाए के पूर्व महामंत्री जेपी मिश्र ने कहा कि यह दिन उन शहीदों को याद करने का है, जो मातृ भूमि की रक्षा के लिए हंसते-हंसते शहीद हो गए थे। जवानों ने हमारे कल के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।
समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सैनिकों को कारगिल पर विजय मिली थी। ऑपरेशन विजय चलाकर भारतीय सेना ने भारत माता को पाकिस्तानी घुसपैठियों से मुक्त कराया था। उसी ऑपरेशन में प्रतापगढ़ के लाल विजय शुक्ला भी शहीद हुए थे, उन्हें बेल्हा कभी नहीं भूलेगा।
एमएलसी के मीडिया प्रभारी मुक्कू ओझा ने कहा कि इन रणबांकुरों ने अपने परिजनों से लौटकर आने का वादा किया था, लेकिन उनके आने का अंदाज ही जुदा था। इस दौरान पूर्व प्रमुख विवेक त्रिपाठी, पूर्व महामंत्री जूबाए संतोष मिश्र,अधिवक्ता अतुल सिंह,अंजनी बाबा, विनय सिंह,शिव प्रकाश मिश्र,परमानन्द मिश्र आदि रहे।
वहीं राजस्थान कोटा की मोशन कोचिंग सेन्टर प्रतापगढ़ में अध्ययनरत जेई, नीट सहित अन्य वर्ग के छात्र-छात्राओं ने कैंडल जलाकर शहीदों को नमन किया। मोशन कोचिंग सेन्टर प्रतापगढ़ के निदेशक ऋषभ त्रिपाठी ने कारगिल विजय दिवस के बारे में छात्रों को जानकारी दी। इस दौरान शाहनवाज खान, राकेश विश्वकर्मा, रंजना पाण्डेय, अनुकूल रावत,विवेक,लवकुश आदि उपस्थित रहे
बलिदानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता
बाबागंज/प्रतापगढ़, अमृत विचार। कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती पर शुक्रवार को बाबागंज ब्लाक के शहीद पार्क में कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। शहीद विजय शुक्ला की प्रतिमा पर बीडीओ राजेंद्रनाथ पांडेय के साथ ब्लॉक कर्मियों ने माल्यार्पण उन्हें नमन किया।

उन्होंने कहा कि शहीद विजय शुक्ला सहित कारगिल यूद्ध के बलिदानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी संजय चंद्रा, धीरेंद्र शुक्ला,संदीप सरोज,सरोज सुनील,स्थापना बाबू रामजन्म राम,अजय सिंह, अक्षय द्विवेदी,ऋषभ मिश्र, अजय मिश्र आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में सत्येंद्र बहादुर सिंह इंटर कॉलेज में विद्यालय की छात्राओं ने वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। शिक्षक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन उन सैनिकों की बहादुरी को समर्पित है, जिन्होंने भारत को जीत दिलाई थी।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़: जीवन की दिशा तय करने में शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण - आलोक कुमार पाण्डेय
