प्रतापगढ़: जीवन की दिशा तय करने में शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण - आलोक कुमार पाण्डेय
गुरु वंदन समारोह को लेकर आयोजन समिति ने की प्रेसवार्ता
प्रतापगढ़, अमृत विचार: सामाजिक एवं संवैधानिक जागरुकता समिति और अवनि ट्रस्ट के तत्वावधान में 28 जुलाई को तुलसीसदन हादीहाल में गुरु वंदन समारोह का आयोजन किया गया है। जिसमें राष्ट्र निमार्ण में शिक्षक की भूमिका पर प्रबुद्धजनों द्वारा उद्बोधन होगा। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को धर्म सम्राट स्वामी करपात्री की स्मृति में शिक्षक गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इस सम्बन्ध में शुक्रवार को बाबागंज स्थित होटल में आयोजक नई दिल्ली बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष आलोक कुमार पाण्डेय ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शिक्षक का बड़ा महत्व होता है। शिक्षक जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हैं। शिक्षक समाज का निर्माता होता है।
संयोजक डॉ. सौरभ पांडेय ने बताया कि हाईकोर्ट इलाहाबाद के न्यायाधीश अनीश कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि एवं अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. सलिल कुमार करेंगे। प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता कुलदीपपति त्रिपाठी, जिलाधिकारी संजीव रंजन, सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद सुरेंद्र कुमार तिवारी, संघ के जिला प्रचारक प्रवेश, विक्रांत यादव, शिव प्रकाश मिश्र सेनानी, अंकुर प्रकाश बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल ने कहा कि कार्यक्रम में करीब एक हजार शिक्षक शामिल होंगे। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडेय, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश मंत्री सुरेंद्र प्रसाद पांडेय, विनोद कुमार द्विवेदी, शिशिर खरे, संजय तिवारी, रामानंद मिश्र, राकेश मिश्रा, गिरिजा शंकर मिश्र, रमेश पटेल, अजीत सरोज आदि रहे।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ : मशाल जुलूस निकालकर याद की कारगिल विजय की गौरवगाथा
