Kanpur News: CSA कर्मी ने दी जान से मारने की धमकी...रिश्वत लेने में जेल भेजा गया था आरोपी कर्मचारी
मुकदमे में अपने पक्ष में बयान देने को बना रहा है दबाव
कानपुर, अमृत विचार। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के वरिष्ठ सहायक लिपिक के खिलाफ नवाबगंज थाने में जान से मारने की धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़ित का आरोप है कि पांच महीने पहले पारिवारिक पेंशन बनाने के नाम पर आरोपी लिपिक ने उनसे 12 हजार की रिश्वत मांगी थी। इस पर उन्होंने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत कर उसे गिरफ्तार करवा दिया था। जेल से छूटने के बाद आरोपी उन पर अपने पक्ष में बयान देने को लेकर दबाव बनाते हुए धमकी दे रहा था।
पुराना कानपुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि उसके पिता सुरेंद्र सिंह कटियार सीएसए के रसायन विभाग में कार्यरत थे। नौ अगस्त 2023 को उनका निधन हो गया था। इसके बाद मां रजनी देवी ने पारिवारिक पेंशन के लिए आवेदन किया था।
पेंशन बनाने के नाम पर वरिष्ठ सहायक लिपिक शंकर बक्श सिंह 12 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। इस पर अमित ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत की तो टीम ने उसे जेल भेज दिया था।
करीब तीन माह जेल में रहने के बाद हाईकोर्ट से जमानत पर मिलने लिपिक शंकर बक्श ने नौ जुलाई को अपने साथियों के साथ रोका और धमकी देते हुए अपने पक्ष में बयान न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि आरोपी लिपिक के खिलाफ धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: एजेंसी से संपर्क कर रखी नौकरानी...गहने लेकर हो गई फरार, अब पुलिस कर रही तलाश
