बदायूं: बीमार हुई तो ससुरालियों ने छोड़ा...इलाज कराने से किया इनकार, मायके में महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दो साल से अपने मायके रह रही थाना उसावां क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की मौत हो गई। महिला की बीमारी के चलते दो साल पहले पति उसे उसहैत कस्बा में छोड़कर चला गया था। जिसके बाद महिला ने पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं महिला की मौत के बाद मायका पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

उसावां क्षेत्र के गांव उदैया नगला निवासी राजेंद्र की बेटी मंजू (26) की शादी तकरीबन छह साल पहले जिला संभल के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव डंबर नगला निवासी करन सिंह पुत्र रामपाल के साथ हुई थी। काफी समय से मंजू का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था और वह बीमार रहने लगी। कई डॉक्टरों से इलाज कराने के बाद भी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। राजेंद्र के अनुसार मंजू के बीमार रहने की वजह से ससुरालीजन उससे परेशान रहने लगे। 

आरोप है कि पति दो साल पहले मंजू को कस्बा उसहैत में छोड़कर चला गया। जिसके बाद मंजू अपने गांव पहुंचीं और आपबीती बताई। मायका पक्ष ने ससुरालीजनों से इलाज कराने को कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया। साथ ही मंजू को घर रखने से भी इनकार कर दिया। आरोप है कि ससुरालीजन दो लाख रुपये देने पर ही महिला को साथ रखने की बात कहने लगे। जिसके चलते महिला ने सात महीने पहले ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे मायके में महिला की तबीयत खराब हो गई और कुछ देर के बाद घर पर ही उसने दम तोड़ दिया। इसकी मायका पक्ष ने महिला के पति को सूचना दी लेकिन वह गांव नहीं पहुंचा। वहीं मायका पक्ष की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। 

संबंधित समाचार