बरेली : तेज रफ्तार कार ने छात्रा समेत दो लोगों को मारी टक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बरेली अमृत विचार। स्टेडियम रोड से डीडीपुरम रोड पर बीडीए वीसी के आवास के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा और युवक घायल हो गया। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई और गार्ड ने भागकर जान बचाई। लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। कार चालक बैंक कर्मी को साथियों ने भीड़ से छुड़ाने की कोशिश की तो लोगों ने हाथापाई की।

थाना बारादरी क्षेत्र में बीडीए वीसी आवास से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार इंद्रानगर निवासी माधव को चोट लगी। लोगों ने कार रोकने का प्रयास किया तो आरोपी चालक ने कार को और तेज गति से दौड़ा दिया। इसके बाद कार ने शाहदाना कॉलोनी निवासी बलजीत सिंह की बेटी तष्मीत कौर उर्फ मन्नत की साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे तष्मीत गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद कार बीडीए वीसी के आवास के सामने लगे पेड़ से टकराकर रुक गई। मौके पर पहुंची भीड़ ने चालक को पकड़ लिया। इसी दौरान वहां पर स्थित एक बैंक की शाखा के कर्मचारी पहुंच गए और आरोपी चालक को भीड़ से छुड़ाने का प्रयास करने लगे। इसी बात को लेकर भीड़ और बैंक कर्मियों में हाथापाई शुरू हो गई। इंस्पेक्टर बारादरी अमित पांडेय मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल छात्रा और माधव को इलाज के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने बताया कि कार चालक से पूछताछ की जाएगी। उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा, जिससे पता चल सके कि वह नशे में था या नहीं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

संबंधित समाचार