Unnao News: हाईवे पर काल बनकर दौड़ रहे हैवी वाहन, खतरे में लोगों की जान...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कागजी कोरम पूरा करने में व्यस्त है जिम्मेदार

उन्नाव, अमृत विचार। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर इन दिनों हैवी वाहन छोटे वाहन सवारों व आमजन के लिये काल बनकर दौड़ रहे हैं। हाईवे किनारे कई स्थानों पर खड़े यह भारी वाहन हादसों का सबब बने हुए हैं। इनकी चपेट में आने से अक्सर छोटे वाहन सवारों को जान से हाथ धोना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन सिर्फ सड़क सुरक्षा के नाम पर फोटो खिंचवाकर कागजी कोरम पूरा कर रहा है। 

जिले से निकले लखनऊ-कानपुर हाईवे का करीब 50 किमी का हिस्सा जिले की सीमा में आता हैं। जिसमें वेयर हाउस, फैक्ट्रियां, ढाबा, होटल व पेट्रोल पंप के सहारे इस हाईवे पर जगह-जगह भारी वाहन खड़े किये जा रहे हैं। वाहनों के खड़े होने से हाईवे व सर्विस लेन पर ठेले व दुकानें भी खूब सजती हैं। 

यह सब हादसों का मुख्य कारण बनते हैं। जिस पर शासन व प्रशासन चुपी साधे है। सोहरामऊ से नवाबगंज, अजगैन, दही थाना, सदर कोतवाली व  जाजमऊ क्षेत्र में इन दिनो हाईवे पर अवैध पार्किंग लोगों की जान की दुश्मन बनी है। ढाबे, होटल, पेट्रोल पंप, वेयर हाउस व फैक्ट्रियों के बाहर खड़े बेतरतीब वाहन हादसों का मुख्य कारण बनते हैं। अभी हाल में हुए लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के हादसों से भी जिम्मेदार सबक नहीं ले रहे हैं। 

वहीं सोहरामऊ थानाक्षेत्र में बजेहरा मोड़ से लगाकर टोल प्लाजा तक चार वेयर हाउस व पांच होटल ऐसे हैं जिनके वाहन हाईवे पर अक्सर आड़े तिरछे खड़े रहते हैं। जो हादसे का मुख्य कारण बनते हैं। जानकार बताते हैं कि सोहरामऊ क्षेत्र लखनऊ सीमा से सटा हुआ है। 

रात में नो-इंट्री के चलते होटलों पर भारी वाहनों की भीड़ देखने को मिलती है। होटल संचालकों द्वारा अवैध तरीके से 300 रुपए प्रति वाहन पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। शुल्क न देने वाले वाहन चालकों को फटकार लगाते हुए हाईवे पर खड़ा करवा दिया जा रहा है। जिनसे टकराकर छोटे वाहन हादसे का शिकार होते हैं। 

बोले जिम्मेदार…

एआरटीओ प्रवर्तन अरविंद सिंह ने कहा कि हाईवे पर व नो-पार्किंग में खड़े वाहनों का लगातार चालान किया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

हाईवे पर दो माह में हो चुके बड़े हादसे 

केस-1

अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली गांव के पास 23 जुलाई को रोडवेज बस सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इसमें कानपुर के जूही क्षेत्र के रमाशंकर पुत्र रामसुख की मौत हुई थी। वहीं दो लोग घायल हुए थे। 

केस-2

सोहरामऊ के बजेहरा मोड़ के पास 5 जून को हाईवे पर खड़े हरियाणा के ट्रक में कार टकराई थी। जिसमें अलीगंज लखनऊ के अमित मिश्रा की पत्नी काजल की मौत हुई थी। वहीं दो बच्चे गंभीर घायल हुए थे।

ये भी पढ़ें- कानपुर के किदवई नगर में हादसा: नाबालिग कार सवार ने स्कूटी में मारी टक्कर...मां की मौत व बेटी घायल, हादसा देख दहल गए लोग

संबंधित समाचार