गोमतीनगर हुड़दंग: चार और आरोपी गिरफ्तार, मुख्यमंत्री योगी ने लिया था संज्ञान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। गोमतीनगर के होटल ताज के सामने बुधवार बारिश में युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक किशोर भी शामिल है। आरोपियों की पहचान वीडियो की मदद से की गई है। अब तक इस मामले में 24 आरोपी सलाखों के पीछे जा चुके हैं।

एसीपी गोमतीनगर विकास जायसवाल ने बताया कि मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार किये गए हैं। आरोपियों में हुसैनाबाद का अली हैदर, खदरा का मोहम्मद दाऊद, अलीगंज का अफसान के अलावा एक नाबालिग शामिल है। एसीपी ने बताया कि करीब एक दर्जन और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। चार टीमें उनकी धरपकड़ में लगाई गई हैं। मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है लेकिन वह पकड़ में नहीं आया है। परिजनों से पुलिस ने पूछताछ की है।

यह हुई थी घटना

बुधवार को भारी बारिश के बाद मरीन ड्राइव पुल के पास भरे पानी में दर्जनों लोग हुड़दंग मचा रहे थे। इसी दौरान वहां से अपने दोस्त के साथ गुजर रही युवती से युवकों ने छेड़छाड़ कर उसको पानी में गिरा दिया था। सोशल मीडिया पर घटना वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई थी। दूसरे दिन डीसीपी समेत तीन अफसर हटाये गए थे और चार पुलिसकर्मी निलंबित किये थे।

यह भी पढ़ें:-Etawah Road Accident: आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार और डबल डेकर बस की टक्कर में 7 लोगों की मौत, कई घायल

संबंधित समाचार