छत्तीसगढ़: झरने में डूबने से उपमुख्यमंत्री अरुण साव के भांजे की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के 20 वर्षीय भांजे की कबीरधाम जिले में एक झरने में डूबने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। कबीरधाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में रविवार शाम झरने में डूबने से तुषार साहू की मौत हो गई। 

कुमार के अनुसार, तुषार रविवार को बेमेतरा जिले से अपने दोस्तों के साथ बोड़ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत रानी दहरा झरने के पास सैर के लिए गया था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सैर के बाद तुषार झरने में उतरा और गहरे पानी में गिर गया। कुमार के अनुसार, तुषार के दोस्तों ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और उसकी तलाश शुरू की। 

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह गोताखोरों ने पानी में एक चट्टान के नीचे फंसे तुषार के शव को बरामद कर लिया। कुमार के मुताबिक, अभी तक की जांच से जानकारी मिली है कि तुषार की मौत पानी में डूबने से हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुमार ने कहा कि पड़ोसी बेमेतरा जिले के बेमेतरा कस्बे का निवासी तुषार उपमुख्यमंत्री की बहन का बेटा था। 

यह भी पढ़ें:-CM योगी का गोंडा दौरा आज: विकास और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा, दो एएसपी, 10 सीओ और 25 इंस्पेक्टर संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

संबंधित समाचार