Unnao: एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित होकर कार खड़े कंटेनर में जा घुसी, दो की मौत, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोकेशन- उन्नाव
रिपोर्ट- द्विजेन्द्र मिश्रा


-पुलिस ने जांच कर शवों को पोस्टमार्टम को भेजा

उन्नाव, अमृत विचार। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार खड़े कंटेनर के पीछे जा घुसी। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कार सवार एक सरकारी चिकित्सक सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम और पुलिस ने कार से दोनों शव निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में से एक सरकारी चिकित्सक है। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बता दें आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक कार लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी। तभी सुबह करीब साढ़े पांच बजे ग्राम सिरधर पुर के सामने तेज रफ्तार कार पहले से ही साइड की लेन पर खड़े कंटेनर के पीछे से जा घुसी। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक तथा उसका साथी कार की केबिन में फंस गए।

एक्सप्रेसवे से गुजर रहे यात्रियों की सूचना पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम और पीतमपुरा चौकी पुलिस ने आनन-फानन कार के शीशे तोड़कर घायलों को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर एक मृतक की जेब से मोबाइल और आधार कार्ड आदि मिले हैं।

जिनके जरिए एक मृतक की शिनाख्त रामनिवास (46 ) पुत्र बुधई राम निवासी कस्बा खलीलाबाद जिला संत कबीर नगर के रूप में हुई है और वह जनपद सिद्धार्थ नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलौली में चिकित्सक के पद पर तैनात थे। जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त चालक सुफियान (40) पुत्र मोहम्मद महरूफ निवासी बड़ी सरौली खलीलाबाद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेज है। मोबाइल से मिले नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

संबंधित समाचार