उन्नाव में दो बसों की भिड़ंत: हादसे के बाद मची चीख-पुकार, 41 छात्र-छात्राएं घायल, ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
उन्नाव में दो बसों की भिड़ंत
उन्नाव, अमृत विचार। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में एक निजी स्कूल की बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए जा रही थी। इस दौरान एक ही विद्यालय की दो बसें आपस में टकरा गई। घटना के बाद 41 छात्रों को सीएचसी भेजा गया है।
घटना की जानकारी पर पहुँचे एसडीएम समेत तमाम आलाधिकारियों ने उनका उपचार कराया है। प्राथमिक जांच में चालक शराब के नशे की हालत में मिला। अधिकारी जांच पड़ताल कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाही की बात कह रहे हैं।
पुरवा कोतवाली अंतर्गत पावनी ढाबे के पास रामकली बुद्धि लाल साहू स्कूल की बस मंगलवार दोपहर 3 बजे स्कूल में छुट्टी होने के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इस दौरान स्कूल की 5 और 6 नंबर बस की आपस में भिड़ंत हो गई। टकराने के बाद बस के अंदर मौजूद छोटे बच्चों में चीख पुकार मच गई। एक्सीडेंट की सूचना पर पूर्व इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को सीएचसी ले पहुँचाया।
जहां डॉक्टरों ने कुछ बच्चों को आई मामूली चोट का उपचार किया। घटना की सूचना पर एसडीएम पुरवा उदित नारायण सेंगर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों की जानकारी दी। एआरटीओ प्रवर्तन अरविंद सिंह ने पहुंच कर चालक की जांच की तो वह शराब के नशे में पाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा है। अधिकारी मामले की जांच पड़ताल कर बड़ी कार्यवाही की बात कर रहे है।
