प्रयागराज: हंडिया के सपा विधायक को मिली जान से मारने की धमकी, पिता-पुत्र पर दर्ज कराया मुकदमा
प्रयागराज, अमृत विचार। हंडिया से सपा विधायक हाकिमलाल बिंद ने थाने मे तहरीर देकर पिता पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक का आरोप है कि दिलीपचंदपुर के रहने वाले पिता-पुत्र ने उन्हें जान से मारने की धमकी देने के साथ अपमान किया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हंडिया के सपा विधायक हाकिम लाल बिंद ने धमकी देने के मामले में कहा है कि थाना क्षेत्र के दिलीपचंदपुर गांव के रहने वाले संजय कुमार पाल बीते दो साल से उन्हें अपमानित कर रहा है। उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। सोशल मीडिया पर अनर्गल पोस्ट करके उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने तहरीर में कहा है कि इसकी शिकायत संजय के पिता फूलचंद्र पाल से भी किया था, जिसके बाद पिता ने भी जान से मारने की धमकी दी। विधायक ने खुद के जान और माल का खतरा बताते हुए थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने संजय पाल और उसके पिता फूलचंद्र पाल के खिलाफ आईटी एक्ट समेत बीएनएस की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- प्रयागराज: केशव प्रसाद मौर्य के विवादित बयान को लेकर दाखिल याचिका HC ने की खारिज
