बहराइच: दुष्कर्म की घटनाओं पर महिलाओं ने उठाई आवाज, मौन आंदोलन की दी चेतावनी
फखरपुर में बीते सप्ताह हुई घटना को लेकर बुलंद की आवाज
फखरपुर/बहराइच, अमृत विचार। फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्रा के साथ बीते सप्ताह हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर महिलाएं मुखर हो गई है। सभी ने रविवार को बैठक कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। साथ ही डीएम और एसपी कार्यालय के सामने मौन आंदोलन की चेतावनी दी।
फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा सात की छात्रा के साथ समुदाय विशेष के युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि पहले पुलिस ने केस दर्ज करने में शिथिलता की। इसके बाद एक आरोपी को केस से हटा दिया। इसको लेकर रविवार को ग्रामीण महिलाएं और अपराजिता सामाजिक समिति द्वारा गठित नारी संघ ने एकजुट होकर आवाज उठाई है।
अपराजिता सामाजिक समिति की सचिव किरण बैंस ने कहा कि जैसे ही नारी संघ को इस जघन्य अपराध की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत ब्लॉक स्तर पर बैठक बुलाई और निर्णय लिया कि वे पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। संगठन ने यह भी सुनिश्चित किया कि दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
सदस्य अर्पिता सिंह ने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पीड़िता के लिए 'सपोर्ट पर्सन' नियुक्त किया जाए। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए। इन सभी मांगों को लेकर संगठन और ग्रामीण जनपद स्तरीय अधिकारियों से मिलकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। साथ ही, इस घटना के खिलाफ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर मौन आंदोलन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इस दौरान काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें- बहराइच में 14 साल की नाबालिग से अधेड़ करता रहा दुष्कर्म, पीड़िता ने मृत बच्ची को दिया जन्म तो हुआ मामले का खुलासा
