मुरादाबाद: त्योहारी सीजन में जहरखुरानी की घटनाएं रोकने को जागरूक करेगी पुलिस
मुरादाबाद,अमृत विचार। त्योहारों के मौके पर जहरखुरानी की घटनाएं रोकने के लिए अफसरों ने अपना प्लान तैयार कर लिया है। सिविल पुलिस के अलावा रेलवे और रोडवेज के अफसर संयुक्त रूप से घटनाओं को रोकने के लिए कवायद करेंगे। नियमित रूप से स्टेशन, रोडवेज, प्राइवेट बस व टेम्पों के अड्डों पर जाकर अफसर सभी को …
मुरादाबाद,अमृत विचार। त्योहारों के मौके पर जहरखुरानी की घटनाएं रोकने के लिए अफसरों ने अपना प्लान तैयार कर लिया है। सिविल पुलिस के अलावा रेलवे और रोडवेज के अफसर संयुक्त रूप से घटनाओं को रोकने के लिए कवायद करेंगे। नियमित रूप से स्टेशन, रोडवेज, प्राइवेट बस व टेम्पों के अड्डों पर जाकर अफसर सभी को जागरूक करेंगे।
पुलिस कर्मी माइक व पंपलेट्स के जरिए अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील करेंगे। इसके अलावा उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर कोविड-19 के नियमों का पालन करने की सलाह दी जाएगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। यह अभियान छठ पूजा तक चलेगा।
नवरात्र शुरू होने के साथ ही त्योहारों के साथ ही सहालगों का सिलसिला शुरूहो गया है। जिस कारण बसों व ट्रेनों में नियमित भीड़ बढ़ने लगी है। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए चलने वाली यात्रियों की यह मारामारी छठ पूजा तक देखने को मिलेगी। यही वजह है कि ऐसे माहौल में जहरखुरानी गिरोह के सदस्य सक्रिय हो जाते हैं। ट्रेन व बसों में अपरिचितों से दोस्ती कर नशा सुंघाकर एक झटके में लोगों की रकम लेकर चंपत हो जाते हैं। कई दफा तो इस गिरोह का शिकार हुए लोगों की जान बचाना भी मुश्किल हो जाता है।
अपरिचितों से बनाएं दूरी, नियमों का करें पालन
लिहाजा इस दफा भी त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही अफसर अलर्ट हो गए हैं। प्रमुख तौर पर इन घटनाओं की जिम्मेदारी सिविल पुलिस की होगी लेकिन अभियान में रोडवेज व रेलवे अफसरों को शामिल किया गया है। पुलिस के साथ मिलकर जीआरपी व आरपीएफ नियमित रूप से ट्रेनों को खंगालेगी तो वहीं रोडवेज पर माइक व पंपलेट्स के जरिए अपरिचितों से दूरी व कोविड-19 के नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी।
मुरादाबाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि थाना पुलिस को नियमित चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं। रेलवे व रोडवेज अफसरों को भी शामिल किया गया है। यह अभियान छठ पूजा तक नियमित रूप से चलाया जाएगा।
