मुरादाबाद: एमडीए 200 गांवों की बदल देगा तस्वीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में महायोजना 2021 के तहत तेजी से काम किया जा रहा है। अब तक इस मास्टर प्लान के अनुरूप 60 फीसद काम हो भी चुका है। नियमानुसार प्रत्येक दस वर्ष में नया मास्टर प्लान तैयार करने का नियम है। ऐसे में इस बार मास्टर प्लान 2031 की रूपरेखा हाईटेक …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में महायोजना 2021 के तहत तेजी से काम किया जा रहा है। अब तक इस मास्टर प्लान के अनुरूप 60 फीसद काम हो भी चुका है। नियमानुसार प्रत्येक दस वर्ष में नया मास्टर प्लान तैयार करने का नियम है। ऐसे में इस बार मास्टर प्लान 2031 की रूपरेखा हाईटेक तरीके से तैयार की जा रही है। नए मास्टर प्लान में शहरी क्षेत्र के आस-पास के 200 गांवों को शामिल करने की योजना तैयार कर ली गई है। इसके लिए नागपुर की कंपनी क्रिएटिव सर्किल को मास्टर प्लान 2031 बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह पहली बार होगा, जब इसरो से संबद्ध संस्था हैदराबाद स्थित नेशनल रिमोट सेंटर की मदद से जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम बेस्ट मास्टर प्लान तैयार होगा, जिसमें जीआइएस आधारित मास्टर प्लान से शहर के आउटर और अवैध कॉलोनियों की जानकारी मौजूद होगी। नियोजन विभाग की वेबसाइट पर भी इस मैप को देखकर आसानी से जानकारी हासिल हो जायेगी। नई तकनीक के प्रयोग से अवैध निर्माण को रोकना भी आसान होगा। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जीआइएस बेस्ड मास्टर प्लान में भौगोलिक स्थितियों को आसानी से गूगल नक्शा से देखा जा सकता है।

मास्टर प्लान में खर्च होंगे 60 लाख 28 हजार  
महायोजना के तहत मास्टर प्लान में बनवाने में एमडीए को 60 लाख 28 हजार रुपये बजट खर्च कर रहा है। कंपनी के साथ अनुबंध साल 2019 में हो गया था लेकिन अभी तक काम नहीं शुरू किया गया था। पूर्व में उपाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मास्टर प्लान बना रही कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने मास्टर प्लान 2031 को जल्द तैयार करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लाकडाउन के कारण काम शुरू नहीं हो पाया था। अब कंपनी मास्टर प्लान के लिए सर्वे का काम शुरू करने वाली है।

जल्द तैयार हो जाएगा मास्टर प्लान
एनआरएससी की मदद से किएटिव सर्किल कंपनी मास्टर प्लान 2031 को तैयार कर रही है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा कंपनी की समय सीमा जल्द ही तय की जायेगी। आगामी तीन माह में मास्टर प्लान तैयार करके एमडीए को सौंपा जायेगा।

सेटेलाइट इमेज होगा विकास
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान 2031 को सुनियोजित तरीके से बसाने में सेटेलाइट इमेज मददगार साबित होंगी। सेटेलाइट इमेज से प्लान में शहर और शामिल होने वाले 200 गांवों का सही आकार भी पता चल सकेगा। किस तरीके से विकास कार्य होंगे। इसका खाका आसानी से बनाया जा सकेगा।

एमडीए उपाध्यक्ष  यशु रुस्तगी ने बताया कि पूर्व में जिलाधिकारी ने मास्टर प्लान 2031 को जल्द तैयार करने के निर्देश दिए थे। लाकडाउन के कारण यह प्रक्रिया रुक गई थी। दोबारा बैठक करके मास्टर प्लान तैयार करने के लिए संबंधित संस्था से कहा जायेगा। मास्टर प्लान में लगभग 200 गांव को शामिल होने है। फिलहाल अभी मेरे पास इसके ड्राफ्ट नहीं आया है।

 

संबंधित समाचार