बरेली: दर्दनाक...खतना के दौरान कटी नस, 18 माह के बच्चे की मौत
खतना करने वाले शख्स के खिलाफ परिवार वालों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां 18 महीने के एक मासूम बच्चे की खतना करने के दौरान मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि खतना करने वाले नाई, कबीर ने बच्चे की गलत नस काट दी थी। ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। बच्चे के दादा की शिकायत पर पुलिस ने कबीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
घटनाक्रम फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के शिवपुरी गांव का है। 11 अगस्त को रफीक अहमद के घर खुशियां छाईं थीं। उनके पोते अरमान का खतना होना था। नाते-रिश्तेदार घर पहुंचे थे और घर में एक तरह से जश्न का माहौल था। दोपहर करीब 11:30 बजे पड़ोस के ही टिसुआ गांव के नाई कबीर खतना करने के लिए पहुंचे। खतने से पहले के जो दस्तूर होते हैं, वो अदा किए गए और उसके बाद कबीर ने अरमान का खतना किया। खतना के दौरान बच्चे के खून बहने लगा तो कबीर ने ब्लड रोकने के लिए जो देसी और सामान्य उपाय किए। लेकिन खून फिर भी बंद नहीं हुआ और तेज धार के साथ लगातार ब्लडिंग होती रही। बच्चे की हालत बिगडती चली गई। बताते हैं कि घरवालों ने डॉक्टरों को भी बुलाया, लेकिन तब तक ज्यादा खून बह चुका था और इसके बाद बच्चे की मौत हो गई। मृतक अरमान के दादा रफीक का आरोप है कि कबीर ने खतना करने के वक़्त गलत नस काट दी थी। इसी कारण उनके पोते की मौत हो गई है। पुलिस ने 12 अगस्त को रफीक की तहरीर के आधार पर नाई कबीर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, ये घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी है।
