Raksha Bandhan 2024: कानपुर के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन...छात्राओं ने कलाई पर बांधी राखी, छात्रों ने दिए उपहार
विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन
कानपुर, अमृत विचार। रक्षाबंधन अवकाश से पूर्व शनिवार को शहर के विद्यालयों में राखी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई में रक्षा सूत्र बांध उनके उज्जवल भविष्य की कामना की, वहीं छात्रों ने भी बहनों को सामर्थ्य अनुरूप उपहार भेंट किये। इस मौके पर बच्चों को भाई बहन के प्यार के प्रतीक पर्व की महत्ता भी बताई गई।
शहर के स्कूल में अवकाश से पहले शनिवार को रक्षाबंधन मनाया गया। बताया कि श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाता है। इस दिन बहने पूजा अर्चना आदि के पश्चात भाइयों की कलाई पर राखी बांध उनके अच्छे स्वास्थ्य व सफल जीवन की कामना करती है। बदले में भाई अपनी बहनों को जीवन भर रक्षा का संकल्प लेते है।
बताया कि यह त्यौहार समाज में परिवार के बंधनों को मजबूत करने के साथ बच्चों को पवित्र रिश्ता की महत्ता सिखाता है। यह रिश्ते न केवल परिवार में बल्कि समाज में भी सद्भावना व सामंजस्य की भावना को मजबूती प्रदान करते है।
इस दौरान छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांध उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं छात्रों ने भी अपनी सामर्थ्य अनुसार सहपाठी बहनों को चॉकलेट, पेन आदि उपहार स्वरूप भेंट किए। इस मौके पर शिक्षिकाओं द्वारा भी शिक्षकों के हाथों की कलाई पर राखी बांधी गयी।
