Sabarmati Express Derail: आईबी समेत एजेंसियों ने शुरू की ट्रेन हादसे की जांच...घटना से दिल्ली तक रेलवे में मचा हड़कंप
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर, एटीएस व फोरेंसिक टीम
कानपुर, अमृत विचार। वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस के आगे बोल्डर इंजन से टकरा गया जिसके कारण इंजन का कैटल गार्ड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर मुड़ गया। इससे ट्रेन के 22 कोच पटरी से उतर गए। घटना से दिल्ली तक रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया।
ट्रेन हादसे में किसी प्रकार की साजिश की आशंका के मद्देनजर आनन-फानन पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था हरीश चंदर, डीसीपी पश्चिम राजेश कुमार सिंह, इंटेलिजेंस ब्यूरो, एटीएस, जांच एजेंसियां मौके पर पहुंची।
अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एक-एक चीज की बारीकी से जांच करने की बात कही। वहीं कंट्रोल रूम की सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा दो फायर स्टेशन फजलगंज और पनकी के कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रेन से यात्रियों को निकालकर सुरक्षित बसों तक पहुंचाया। ट्रेन से तकरीबन 1700 यात्रियों के सकुशल निकलने के बाद सभी टीमों ने राहत की सांस ली।

रात ढाई बजे के आसपास साबरमती एक्सप्रेस डिरेल हो गई। भीमसेन खंड में गोविंदपुरी स्टेशन के निकट हुए इस हादसे में गनीमत रही कि किसी यात्री की जान नहीं गई। इस ट्रेन हादसे में साजिश का अंदेशा जताया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक पर बोल्डर से टकराने के कारण हादसा हुआ है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मामले में यूपी पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की तरफ से जांच किए जाने की बात (एक्स) पर लिखी है। पोस्ट कर लिखा कि ट्रेन टकराने के निशान और सबूत को सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने घटनास्थल पर पड़े लोहे के बोल्डर को देखा। आला अफसर यही आशंका जाहिर कर रहे हैं, कि हो सकता है, कि इसी बोल्डर को पटरी पर रखकर एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की मंशा हो जिससे यात्रियों की जानें चली जाएं। ट्रेन के गति के कारण पटरियां उखड़ गईं और लोहे की क्लिप उखड़कर बिखर गईं।
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार का कहना था कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। इस मामले में रेलवे अपनी जांच करा रहा है। वहीं कमिश्नरेट पुलिस इस मामले में अपनी जांच कर रही है। यदि इस पूरी घटना में कोई साजिश की गई है, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के आसपास के रास्ते में लगे सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं। पूरे मामले की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
फोरेंसिक टीम ने की जांच
हादसे के बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक पटरी का टुकड़ा मिला है। यह करीब 2 से 3 फीट लंबा है। दूसरा वहां पास में क्लैंप मिला है, जिससे की पटरी को सीमेंट के बने गॉर्डर से कसा जाता है। टीम ने आशंका जताई कि पटरी को ट्रैक से कसा गया हो, ताकि कोई भी ट्रेन आगे न जा पाए। हालांकि, यह पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
