प्रयागराज: ब्रह्माकुमारी बहनों ने जेल कर्मचारियों व तमाम कैदियों को बांधी राखी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनी, अमृत विचार। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय और लायंस क्लब 'अरुणिमा' इलाहाबाद ने केंद्रीय कारागार, नैनी में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने जेल कर्मचारियों सहित तमाम कैदियों को भी राखी बांधी। इस अवसर पर कारागार अधीक्षक रंग बहादुर पटेल, जेलर डॉ आलोक कुमार, डिप्टी जेलर उर्मिला देवी, डिप्टी जेलर रतनलाल दुबे, डिप्टी जेलर कौशलेंद्र कुमार मौर्य, डिप्टी जेलर कांति देवी को ब्रह्माकुमारीज की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी मनोरमा दीदी की अगुवाई में ब्रह्माकुमारी बहनों ने राखी बांधी। 

ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से बीके कुंदन, अरविंद राजपाल, सुरेंद्र, कमल और सज्जन उपस्थित रहे। बीना, सुमन, कंचन, अनीता, आर्या, स्वाति बहन ने इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित कैदियों को राखी बांधी। कारागार सभा को संबोधित करते हुए बीके प्रियंवदा बहन ने संस्थान का परिचय देते हुए कहा कि संस्था निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन सिखाती है, जिसके द्वारा हम अपने जीवन में सशक्त होकर आंतरिक विकारों से अपने को मुक्त कर सकते हैं और जीवन में सुख एवं शांति का अनुभव कर सकते हैं। 

WhatsApp Image 2024-08-18 at 16.10.31_1ccb6160
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मनोरमा दीदी ने जेल अधिकारियों को सम्मानित किया

ब्रह्माकुमारीज की तरफ से मनोरमा दीदी ने कैदियों से कहा कि आप बहुत सारी संभावनाओं के बीच में जी रहे हो। भले किसी भी कारणवश आपको इस स्थान पर आना पड़ा, परंतु यहां आपको वह समय और स्थान मिला है जब आप स्वचिंतन करके अपने को परिवर्तन कर सकते हैं। आज कोई कहता है ऊपर वाले सुधर जाएं तो समाज सुधर जाए, कोई कहता नीचे वाले सुधर जाएं तो समाज सुधर जाए, वास्तव में सुधरना किसको है ? हमें अपने आप को ही सुधारना है। काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार की गुलामी से अपने को बचाना होगा। वास्तव में ज्ञान, पवित्रता, शांति, सुख, प्रेम, शक्ति और आनंद हम सभी आत्माओं के स्वधर्म हैं। लेकिन अपने को आत्मा समझना भूल और देह-भान में अत्यधिक खो जाने के कारण ही हम विषय विकारों के अधीन होकर निकृष्ट कर्म करते हैं। परिणाम स्वरुप हमें जीवन में दुखों को भोगना पड़ता है। 

उन्होंने कहा कि इस कारागार से तो आपका परिवार लड़ रहा है परन्तु आप अंदर के कारागार से लड़ो और मुक्त बनो। जब तक विकारों की गुलामी से आजाद नहीं हुए तब तक हम वास्तव में आजाद हो ही नहीं सकते। जेलर डॉ आलोक कुमार ने कारागार परिवार की तरफ से मनोरमा दीदी को धन्यवाद दिया और आग्रह किया कि एक सप्ताह का जो मेडिटेशन कोर्स ब्रह्माकुमारी बहनें कराती हैं, वह हमारे कैदियों के बीच जरूर रखें। उन्होंने समाज की रक्षा और मानवता की रक्षा की प्रतिज्ञा कराई। 

कार्यक्रम में बन्दी अरविंद सिंह, डॉक्टर जागेश्वर, जय हिंद, आदर्श, नितिन कुमार, राजू, योगेंद्र  सहित भारी संख्या में कैदियों ने बहनों से राखी बंधवाई। कार्यक्रम में लायंस क्लब इलाहाबाद अरुणिमा वॉइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन डॉ अर्पण धर दुबे, लायन नाजिम अली ने भी हिस्सा लिया।

ये भी पढ़ें- प्रयागराज: सौतेले भाई ने की ईंट से प्रहार कर युवक की हत्या, वजह जान रह जाएंगे हैरान

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज