UP News: यूपी में सांसद और विधायकों को मिला नया टारगेट, जाने किसे मिली क्या जिम्मेदारी 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने सदस्यता अभियान के लिए सांसद से लेकर नगर पालिका अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी तय की है। इस कड़ी में सांसदों को 20 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भाजपा के सदस्यता अभियान कार्यशाला में तय किया गया है कि उप्र. के सभी सांसद कम से कम बीस हजार नए सदस्य बनाएंगे जबकि, विधायकों को दस हजार नए सदस्य बनाने होंगे। इसी तरह मेयर को 15 हजार, जिला पंचायत अध्यक्ष को दस हजार और नगर पालिका अध्यक्ष को न्यूनतम पांच हजार सदस्य बनाना अनिवार्य होगा।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने इस दौरान कहा कि सदस्यता अभियान में सांसदों, विधायकों, मेयर और नगर पालिका अध्यक्ष के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष को 2 हजार, नगर निगम पार्षद को एक हजार, नगर पालिका के पार्षदों को 500 सदस्य बनाने होंगे। इसी कड़ी में नगर पंचायत के पार्षद 200, निगम आयोग बोर्ड के अध्यक्ष 1000, जिला पंचायत अध्यक्ष 15 हजार, युवा मोर्चा 15 लाख, महिला मोर्चा, पिछडा मोर्चा, अनूसूचित जाति मोर्चा को 10-10 लाख, अल्पसंख्यक मोर्चा व अनुसूचित जनजाति मोर्चा को 2-2 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

सदस्यता अभियान पहली से 25 सितंबर तक पहले चरण का अभियान चलेगा। द्वितीय चरण पहली से 15 अक्टूबर तक चलेगा और 15 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का अभियान चलेगा। सक्रिय सदस्य के लिए आवश्यक होगा कि वह 100 सदस्य बनाया हो। भाजपा के सदस्यता अभियान में मोबाइल नं. 8800002024 पर मिस्डकॉल, क्यूआर कोड, नमो एप व भाजपा की वेबसाइट के माध्यम से सदस्यता ग्रहण कर सकता है।

अयोध्या, गोमतीनगर व कन्नौज की घटना ही सपा का ''नवाब ब्रांड'': योगी

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या, गोमतीनगर व कन्नौज की घटना ही सपा का ''नवाब ब्रांड'' है। कोलकाता की अराजकता पर चिकित्सक व आधी आबादी आंदोलित है, लेकिन सपा मुखिया दुष्कर्मियों व कोलकाता सरकार का बचाव कर रहे हैं। सपा मुखिया का बेशर्मीपूर्ण बयान ही उनकी पार्टी का असली चेहरा है।

वह मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान-2024 की कार्यशाला में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमें बैकफुट पर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि विपक्ष के कारनामों की पोल खोलने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा पर संविधान बदलने, आरक्षण समाप्त करने का आरोप लगाने वालों को जवाब दीजिए।

योगी ने कहा कि हर घर तक पहुंचिए और परिवार के हर सदस्यों से संवाद बनाइए। उनसे कहिए कि उपचुनाव में विपक्षी दलों के नेताओं से पूछें कि आखिर एक-एक लाख रुपये के बॉन्ड भरवाए गए थे, वह कहां हैं। सोशल मीडिया से लेकर आमजन के बीच कांग्रेस व सपा के झूठ का पर्दाफाश कीजिए।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राष्ट्रीय सदस्यता सह प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश के सहप्रभारी संजीव चौरसिया आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेः 25 लाख से ज्यादा दीपों से जगमग होगा अयोध्या, इस बार खास है दीपोत्सव

संबंधित समाचार