गोंडा : एक सितंबर से 15 सितंबर तक स्कूलों में चलेगा स्वच्छता पखवाड़ा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बच्चों और अभिभावकों को किया जायेगा जागरुक, डीजी ने जारी किया कार्यक्रम

गोंडा, अमृत विचार :  बच्चों और अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने के लिए परिषदीय स्कूलों समेत सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक सितंबर से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जायेगा। इसके अंतर्गत स्कूलों में प्रत्येक दिन स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन होगा। स्कूली शिक्षा महानिदेशक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्वच्छता पखवाड़ा मनाने के लिए दिशा निर्देश जारी किया है।

 गोंडा बीएसए
स्कूलों बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने और उनके भीतर स्वच्छ आदतों के विकास के लिए बेसिक विधा विभाग प्रत्येक वर्ष स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन करता है। इस वर्ष भी स्कूलों में एक सितंबर से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाने का निर्देश दिया गया है। इस पखवाड़े में प्रत्येक दिन स्वच्छता गतिविधियों के आयोजन का कार्यक्रम भी जारी किया गया है‌। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाने के साथ ही उनमें स्वच्छ आदतों के विकास के लिये निबंध लेखन, स्लोगन व प्रश्नोत्तरी समेत अन्य प्रतियोगिता करायी जायेगी। साथ ही इस कार्यक्रम में शिक्षकों व छात्रों के साथ ही उनके अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित कराते हुए उन्हे स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों में प्रतिभाग कराया जायेगा। 

स्कूली शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा ने स्वच्छता पखवाड़ा आयोजन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिशा निर्देश जारी किया है। स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यालय में एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबन्ध लगाने तथा शिक्षकों और छात्रों को स्थानीय प्रतिनिधि के सहयोग से परिवार के सदस्यों तथा समुदाय के नागरिकों के बीच स्वच्छता पखवाड़ा के विषय का प्रचार-प्रसार कराए जाने का निर्देश दिया गया है। 

इन गतिविधियों का होगा आयोजन 

स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्रत्येक दिन स्कूलों मे अलग अलग गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।पहले दिन सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में स्वच्छता शपथ का आयोजन किया जायेगा।पखवाडे के प्रथम सप्ताह में विद्यालय प्रबन्ध समिति या माता-पिता और शिक्षकों के मध्य बैठक आयोजित कर साफ-सफाई, हाथ धोने, मास्क का इस्तेमाल करने तथा सामाजिक दूरी के महत्व पर चर्चा होगी। शिक्षक, छात्र एवं समुदाय को इन स्वच्छता सम्बन्धी अच्छी आदतों को विद्यालय के साथ-साथ घर में भी अपनाने के लिए प्रेरित किया जायेगा।

प्रत्येक विद्यालय में पानी और स्वच्छता सुविधाओं की निगरानी के साथ ही पानी, सफाई और स्वच्छता सुविधाओं का त्वरित मूल्यांकन होगा। विद्यालय में सफाई और स्वच्छता की आदतों पर छात्रों के लिये निबन्ध, स्लोगन, कविता लेखन, पेन्टिंग, भाषण, प्रश्नोत्तरी, मॉडल बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित करायी जायेंगी‌।

यह भी पढ़ें- आठ रेलवे स्टेशन के नाम बदलने से जगी आस : बुढ़वल स्टेशन को श्री लोधेश्वर महादेवा जंक्शन करने की उठ चुकी है मांग

 

संबंधित समाचार