डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण में दो अवैध हॉस्पिटल सील, चार को नोटिस
बारा/नैनी, अमृत विचार : डिप्टी सीएमओ प्रयागराज ने बुधवार को टीम के साथ रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित हो रहे नारीबारी, चौखटा बॉर्डर पर कई क्लिनिक, नर्सिंग होम में आकस्मिक निरीक्षण किया। इससे क्षेत्र में अवैध क्लीनिक चलाने वालों में हड़कंप मच गया। वह अपनी दुकान बंद कर भागने लगे।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के आधार पर उप चिकित्सा अधिकारी डॉ आरसी पांडेय, स्वास्थ शिक्षा अधिकारी डा पंकज पांडेय ने टीम के साथ नारीबारी में मां शारदा हॉस्पिटल, चौखटा में सरजो हॉस्पिटल, रामा हॉस्पिटल में निरीक्षण किया। उक्त तीनों हॉस्पिटल में बायोमेडिकल वेस्ट का प्रबंधन ठीक न पाए जाने पर नोटिस निर्गत किया गया। जबकि सरदार पटेल हॉस्पिटल नारीबारी में निरीक्षण के समय चिकित्सक व पैरा मेडिकल स्टाफ न होने के बावजूद बच्चेदानी के आपरेशन का मरीज भर्ती था। इसके कारण उनके पंजीकरण के निलम्बन हेतु संस्तुति करने का नोटिस दिया गया।
वहीं गन्ने के निकट फुलतारा गांव में बिना पंजीकरण के संचालित डा मो अली (खान डॉक्टर) पुत्र मो रफी के क्लीनिक को सील किया गया। मुख्य मंत्री पोर्टल पर शिकायत के आधार पर डा मो मोहम्मद तारिक द्वारा संचालित डे केयर क्लीनिक में मरीज भर्ती करने तथा बिना पंजीकरण संचालित होने के कारण उसे भी सील किया गया और भर्ती मरीज को पीएचसी नारीबारी में भेजा गया। उक्त कार्यवाही से एक तरफ जहां हॉस्पिटल संचालकों मे हड़कंप मचा रहा, वहीं अवैध संचालित कई क्लीनिक में ताला लगा रहा।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज : परिस्थितिजन्य समर्थन के अभाव में कोर्ट के बाहर स्वीकारोक्ति एक कमजोर साक्ष्य
