बरेली: मां को नॉमिनी बनाने के कारण विनीता ने कराई शिक्षक की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओमेन्द्र सिंह, बरेली। शीशगढ़ के गांव सहोड़ा के कुंवर ढाकनलाल इंटर कॉलेज में तैनात शिक्षक अवधेश सिंह को अपनी पत्नी विनीता पर कभी भरोसा नहीं रहा। वजह थी कि वह कई बार उन पर हमला करवा चुकी थी। वहीं उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न की भी रिपोर्ट थाना नारखी में दर्ज करा चुकी थी। पत्नी के …

ओमेन्द्र सिंह, बरेली। शीशगढ़ के गांव सहोड़ा के कुंवर ढाकनलाल इंटर कॉलेज में तैनात शिक्षक अवधेश सिंह को अपनी पत्नी विनीता पर कभी भरोसा नहीं रहा। वजह थी कि वह कई बार उन पर हमला करवा चुकी थी। वहीं उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न की भी रिपोर्ट थाना नारखी में दर्ज करा चुकी थी। पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण उन्होंने उसके कहने पर बरेली में मकान तो खरीदा था लेकिन बेटे के नाम पर। पुत्र की उम्र कम है इसलिए उन्होंने नॉमिनी अपनी मां को बनाया था।

मृतक अवधेश सिंह के भाई रमेश ने बताया कि उनकी भाभी विनीता ने शिक्षक होने के कारण अवधेश के साथ शादी की थी। वह अवधेश को पैसे के लिए पसंद करती थी। हालांकि अवधेश ने उसके लिए कभी गलत नहीं सोचा। पांच वर्ष पहले जब विनीता ने अवधेश पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई तब से उन्हें उसके चरित्र पर शक होने लगा था। पत्नी के चरित्र के कारण उन्हें बेटे के भविष्य को लेकर चिंता हमेशा सताती रहती थी। कई माह किराए पर रहने के बाद उन्होंने पत्नी के कहने पर करीब ढाई वर्ष कर्मचारी नगर में करीब 35 लाख रुपये का मकान खरीदा।

विनीता चाहती थी कि शिक्षक उनके नाम पर मकान खरीदें लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मकान उन्होंने अपने बेटे अंशू के नाम पर खरीदा। कम उम्र होने के कारण इसमें उन्होंने अपनी मां अन्नपूर्णा देवी को नॉमिनी बनाया था। रमेश ने बताया कि इस बात को लेकर भी विनीता का झगड़ा हुआ था लेकिन अवधेश सिंह ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

मकान खरीदने के बाद मानने लगी रंजिश
अवधेश सिंह ने जब बेटे के नाम पर मकान खरीदा और मां को नॉमिनी बनाया तो विनीता अपने पति को ठिकाने लगाने का प्रयास करने लगी। बीच-बीच में मां पहुंच जाती थी। हत्या से करीब 12 दिन पहले भी विनीता ने अवधेश सिंह से कहा कि वह अपनी मां अन्नपूर्णा का नाम नॉमिनी से हटवाए लेकिन अवधेश ने ध्यान नहीं दिया। इस पर वह लड़ने लगी। इससे अवधेश सिंह अवसाद में रहने लगे थे। इस बात को उनके कॉलेज के शिक्षकों ने भी तस्दीक किया है। जब शिक्षक नहीं माने तो विनीता ने उनकी हत्या करा दी।

सात नहीं नौ लोगों ने की थी अवधेश की हत्या
12 अक्टूबर को शिक्षक अवधेश सिंह की हत्या की गई थी। इसमें चार भाड़े के हत्यारों का भी सहयोग लिया गया था। हत्यारोपियों में अवधेश सिंह की पत्नी विनीता, ससुर अनिल कुमार, साला प्रदीप, साली ज्योति, विनीता का प्रेमी अंकित, भाड़े के हत्यारोपी शेर सिंह चीकू, अखंड प्रताप सिंह उर्फ पप्पू, रानू पंडित, सुरेश उर्फ मक्खन जौनी ने 12 अक्टूबर को हत्या करके शव को फिरोजाबाद ले जाकर दफना दिया था। इसके बाद सभी आरोपी अपने-अपने ठिकाने पर चले गए। चोरी के मामले में पकड़े गए चीकू ने हत्या में शामिल लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं।

दूसरा बदमाश भी पुलिस ने दबोचा
अवधेश सिंह की हत्या के लिए बदमाशों को एटा से भी बुलाया गया था। बरेली पुलिस ने गुरुवार को दबिश देकर एटा के गांव जराली खुर्द थाना सकरौली से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश का नाम अखंड प्रताप सिंह उर्फ पप्पू है। उसने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके साथ चीकू, अनिल, प्रदीप, अंकित, रानू, सुरेश गए थे। ज्योति और विनीता अपने मायके में रुक गई थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि पुलिस ने पप्पू की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है जबकि शिक्षक के भाई ने कहा कि गिरफ्तारी हुई है।

अखंड को मिले 29 हजार रुपये
एटा से पकड़े गए बदमाश ने बताया कि हत्या को अंजाम देकर शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके लिए एक लाख रुपये मिलने थे। साथ ही किराया व अन्य खर्च चीकू ने करने को कहा था। फिरोजाबाद में शव ठिकाने लगाने के बाद चीकू ने उसे 29 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद वह अपने गांव जराली आ गया। हालांकि उसे पता चल गया था कि चीकू पकड़ा जा चुका है लेकिन उसे यह नहीं पता था कि चीकू उसका भी नाम उगल देगा। उसने बताया कि चीकू ने 70 हजार रुपये दो तीन दिन में देने को कहा था। उस वक्त तक चीकू को ढाई लाख रुपये मिले थे जिन्हें उसने बांट दिया था।

चार नवंबर को रिमांड पर आएगा शेरा उर्फ चीकू
भाड़े के हत्यारे चीकू को चोरी के मामले में नारखी फिरोजाबाद की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने चीकू को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी डाली थी। पुलिस के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर चीकू को पुलिस चार नवंबर को रिमांड पर लेकर बरेली आएगी। रिमांड पर लेने के बाद पुलिस इस कांड से जुड़े अहम सुराग जुटाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की भी तलाश में पुलिस जुटी है।

बदमाश की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। नारखी पुलिस ने पकड़ा हो तो कुछ कहा नहीं जा सकता है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। यदि अवधेश सिंह के भाई ने बताया है तो इसकी जानकारी मुझे नहीं है कि कहां की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। -केके वर्मा इंस्पेक्टर इज्जतनगर

संबंधित समाचार