बरेली:राजन पर जान छिड़कतीं थीं दो दर्जन महिला पुलिसकर्मी...कॉल डिटेल से खुला बड़ा राज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अब बैंक खाते की जांच के बाद जेल में पूछताछ करेंगे सीओ फर्स्ट

बरेली, अमृत विचार। फर्जी सिपाही बनकर वर्मा उपनाम की महिला सिपाहियों से दुष्कर्म और ठगी करने के आरोपी लखीमपुर खीरी के राजन वर्मा की पुलिस ने 30 पन्नों में कॉल डिटेल निकलवाई है। इसकी प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि दो दर्जन से ज्यादा महिला पुलिसकर्मी राजन के संपर्क में थीं। अब राजन के बैंक खाते का भी ब्योरा जुटाया जा रहा है ताकि महिला पुलिसकर्मियों से ठगी गई रकम का वास्तविक अनुमान लगाया जा सके।

लखीमपुर खीरी के गांव मिदनिया गढ़ी निवासी राजन वर्मा एक दर्जन से अधिक महिला सिपाहियों के साथ दुष्कर्म करने के साथ लाखों की ठगी भी कर चुका है। बरेली में तैनात एक महिला सिपाही की ओर से कोतवाली में दुष्कर्म और ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद कोतवाली पुलिस विवेचना कर रही है। पुलिस ने राजन के तीन फोन नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाई है जो करीब 30 पन्नों में आई है। अब पुलिस इसमें मिले नंबरों की जांच कर रही है।अनुमान जताया जा रहा है कि इन नंबरों में दो दर्जन से अधिक नंबर पीड़ित महिला पुलिस कर्मियों के बताए जा रहे हैं। पुलिस इन नंबरों पर संपर्क कर पता लगा रही है कि राजन ने उनसे भी ठगी नहीं की है। इसके साथ लखनऊ में फर्जी कागजात के जरिए खोले गए बैंक खाते की जांच के लिए एक पुलिस टीम को रवाना किया गया है। सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि वह अभी आरोपी से पूछताछ नहीं कर पाए हैं। अब कोर्ट से अनुमति लेकर जेल में पूछताछ करेंगे। जरूरत महसूस हुई तो उसे रिमांड पर लिया जाएगा। हालांकि प्रारंभिक जांच में ही उसके खिलाफ कई साक्ष्य मिल चुके हैं।

दरोगा की शिकायत के बाद और भी पीड़िता आईं सामने
कानपुर में तैनात एक महिला दरोगा को भी राजन वर्मा ने जमीन दिलाने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी की थी। महिला दरोगा ने कोतवाली पुलिस से संपर्क कर इसकी जानकारी दी थी। दरोगा की शिकायत के बाद अब और भी कई पीड़ित महिला सिपाही सामने आई हैं। कोतवाली पुलिस को फोन कर उन्होंने आपबीती सुनाई है।

संबंधित समाचार